आजमनगर /कटिहार – थाना क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 105 ग्राम स्मैक के साथ दो तस्कर को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई थाना क्षेत्र के जलकी चौक के समीप गुप्त सूचना के आधार पर की गई है। थानाध्यक्ष नीरज कुमार ने बताया कि जलकी पंचायत के रास्ते मादक पदार्थों की तस्करी होने की सूचना प्राप्त हुई थी।
सूचना मिलते ही जलकी पीर मजार चौक के समीप वाहन जांच अभियान चलाया गया।जांच के दौरान बाइक सवार दो व्यक्ति पुलिस की गाड़ी देखकर भागने का प्रयास करने लगे।
लेकिन पुलिस बल की तत्परता से दोनों को पकड़ लिया गया। पूछताछ में उन्होंने अपनी पहचान मोहम्मद साबिर ( 55) वर्ष निवासी दक्षिण टोला आजमनगर तथा मोहम्मद अकबर ( 23) निवासी राघौल के रूप में बताया।
तलाशी लेने पर दोनों के पास से 105 ग्राम स्मैक बरामद हुई। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त बाइक को भी जब्त कर लिया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर थाना लाने के बाद आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए न्यायिक हिरासत में कटिहार भेज दिया है।


























