नगर पंचायत बारसोई ने शुरू किया विशेष अभियान
बकायेदारों से शीघ्र कर जमा करने की अपील
बारसोई /कटिहार – नगर पंचायत बारसोई ने होल्डिंग करदाताओं को बड़ी राहत देते हुए 30 जून 2026 तक संपत्ति कर की मूल राशि पर 5 प्रतिशत की विशेष छूट देने की घोषणा की है। बिहार नगर पालिका संपत्ति कर निर्धारण, संग्रहण एवं वसूली नियमावली-2013 के तहत लागू यह योजना नगर क्षेत्र के सभी आवासीय, व्यावसायिक,औद्योगिक तथा केंद्र एवं राज्य सरकार से संबंधित संपत्तियों पर समान रूप से प्रभावी होगी।
इस संबंध में मुख्य पार्षद विमला देवी, उप मुख्य पार्षद प्रमोद कुमार साहा एव नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी रजनीश कुमार ने संयुक्त रूप से नगरवासियों से इस सुनहरे अवसर का लाभ उठाने की अपील करते हुए कहा कि निर्धारित तिथि तक कर भुगतान करने पर करदाताओं को सीधे आर्थिक लाभ मिलेगा। उन्होंने विशेष रूप से उन लोगों से भी आगे आने का आग्रह किया जिनके होल्डिंग का अब तक कर निर्धारण नहीं हुआ है।
ऐसे लोग नगर पंचायत कार्यालय पहुंचकर अपना होल्डिंग निर्धारण कराएं और नगर प्रशासन के रिकॉर्ड को अद्यतन बनाने में सहयोग करें। कर संग्रहण अभियान को सफल बनाने के लिए नगर पंचायत द्वारा सभी वार्डों में माइकिंग के माध्यम से व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। वहीं नगर पंचायत कार्यालय स्थित आरटीपीएस काउंटर पर विशेष शिविर लगाकर करदाताओं को सुविधा प्रदान की जा रही है।
ताकि लोग बिना किसी परेशानी के अपना होल्डिंग टैक्स जमा कर सकें। नगर प्रशासन का मानना है कि समय पर कर भुगतान से न केवल नागरिकों को छूट का लाभ मिलेगा। बल्कि नगर के विकास कार्यों को भी नई गति मिलेगी। ऐसे में नगरवासियों से अपील की गई है कि अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना जल्द से जल्द कर जमा कर इस विशेष छूट योजना का लाभ उठाएं।


























