मुख्यमंत्री अंतर्जातीय विवाह प्रोत्साहन अनुदान योजना, मुख्यमंत्री निःशक्तजन विवाह प्रोत्साहन अनुदान योजना तथा मुख्यमंत्री दिव्यांगजन सशक्तिकरण योजना के चयनित लाभुक को दी गयी राशि
पूर्णिया – बिहार समाज कल्याण विभाग की ओर से पूर्णिया में वृहद लाभुक वितरण कार्यक्रम का आयोजन प्रभारी मंत्री रत्नेश सदा की उपस्थिति में आयोजित की गयी। जिसमें मुख्यमंत्री अंतर्जातीय विवाह प्रोत्साहन अनुदान योजना, मुख्यमंत्री निःशक्तजन विवाह प्रोत्साहन अनुदान योजना तथा मुख्यमंत्री दिव्यांगजन सशक्तिकरण क्षेत्र योजना ‘‘संबल’’ के अंतर्गत लाभुकों को प्रोत्साहन राशि एवं सहायक उपकरण प्रदान किए गए।

यह कार्यक्रम जिला पदाधिकारी के नेतृत्व में अमरेश कुमार सहायक निदेशक जिला सामाजिक सुरक्षा कोषांग के द्वारा संचालित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में बिहार सरकार के आपदा प्रबंधन मंत्री सह पूर्णिया जिले के प्रभारी मंत्री रत्नेश सदा उपस्थित रहे। उनके साथ विशिष्ट अतिथि के रूप में भवन निर्माण मंत्री श्रीमती लेशी सिंह और विधायक विजय कुमार खेमका पूर्णिया सदर सहित जिले के अन्य सम्मानित जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में जिले के विकास और लोक-कल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुँचाने वाले सभी विधायकों के प्रतिनिधित्व को रेखांकित किया गया। मौके पर विधायक कृष्ण कुमार ऋषि, नितीश कुमार सिंह, कलाधर प्रसाद मंडल,
अख्तरुल ईमान, गुलाम सरवर भी मौजूद रहे। सहायक निदेशक अमरेश कुमार ने बताया कि मुख्यमंत्री निःशक्तजन विवाह प्रोत्साहन योजना दिव्यांग दम्पत्तियों को सामाजिक सुरक्षा और सम्मान प्रदान करने के उद्देश्य से विवाह करने वाले 2 दिव्यांग दम्पत्तियों को ₹1,00,000 की प्रोत्साहन राशि फिक्सड डिपोजिट सावधि प्रमाण पत्र रूप में सौंपी गई।
लाभुक दम्पत्ति में वधु रूकसार प्रवीण दिव्यांग, वर रिजवान अंसारी, वधु चन्दा कुमारी,वर विपिन कुमार गुप्ता दिव्यांग शामिल है। मुख्यमंत्री अंतर्जातीय विवाह प्रोत्साहन योजना सामाजिक समरसता को बढ़ावा देने और जातीय भेदभाव को समाप्त करने की दिशा में कुल 9 अंतर्जातीय दम्पत्तियों को ₹1,00,000 की प्रोत्साहन राशि का फिक्सड डिपोजिट प्रमाण पत्र मुख्य अतिथियों द्वारा प्रदान किया गया।लाभुक दम्पत्ति में मनीषा कुमारी एवं मनीष कुमार, रानी कुमारी एवं ओम प्रकाश महतो, ममता कुमारी एवं रवि कुमार चौपाल, मुनमुन बनर्जी एवं श्रवण कुमार, शिमरण कुमारी एवं अनिल कुमार शर्मा, दुलाली बर्मन एवं अनिमेष चक्रवर्ती, शिम्पी भारती एवं अरविन्द कुमार, सुमन चौधरी एवं पंकज कुमार तथा आरती कुमारी एवं रंजन कुमार शामिल है।
मुख्यमंत्री दिव्यांगजन सशक्तिकरण छत्र योजना ‘संबल’ दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से कुल 4 पात्र लाभुकों को बैट्री चालित ट्राईसाइकिल प्रदान की गई ताकि वे स्वतंत्र रूप से आवागमन कर सकें।लाभुक मनीष ऋषि, रंजी कुमार दास, राज कुमार राम एवं मो. महताब आलम शामिल है । कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रभारी मंत्री रत्नेश सदा ने कहा कि समाज के सबसे कमजोर और महादलित-वंचित वर्गों को सशक्त बनाना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। ‘संबल’ योजना दिव्यांगजनों के जीवन स्तर को सुधारेगी, जिससे वे शिक्षा और रोजगार के अवसरों तक आसानी से पहुँच पाएंगे। वहीं, अंतर्जातीय विवाह प्रोत्साहन योजना समाज में समानता और भाईचारे की भावना को मजबूत करने की दिशा में एक ठोस कदम है।



























