जानकारी के बिना सिलेंडर उठाव का दावा, सवालों पर एजेंसी संचालक ने साधी चुप्पी
कोढ़ा /कटिहार – गेड़ाबाड़ी स्थित इंडियन गैस एजेंसी एक बार फिर विवादों में घिर गई है। इस बार एजेंसी पर एक उपभोक्ता की जानकारी और अनुमति के बिना उसके हिस्से का रसोई गैस सिलेंडर उठाव कर दिए जाने का गंभीर आरोप लगा है। मामले के सामने आने के बाद क्षेत्र के उपभोक्ताओं में भारी आक्रोश देखा जा रहा है और एजेंसी की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े होने लगे हैं।
पीड़ित उपभोक्ता प्रियंका देवी का आरोप है कि उसने गैस सिलेंडर प्राप्त नहीं किया, लेकिन एजेंसी के रिकॉर्ड में सिलेंडर की डिलीवरी दर्शा दी गई। जब उपभोक्ता ने इसकी जानकारी लेने का प्रयास किया तो उसे संतोषजनक जवाब नहीं मिला। उपभोक्ता का कहना है कि उसके नाम पर सिलेंडर का उठाव कैसे हो गया, इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।घटना की सूचना फैलते ही अन्य उपभोक्ताओं ने भी एजेंसी की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताई।
लोगों का कहना है कि यदि किसी उपभोक्ता की जानकारी के बिना सिलेंडर की डिलीवरी दिखा दी जाती है तो यह गंभीर मामला है और इससे उपभोक्ताओं का भरोसा कमजोर होता है।
मामले को लेकर जब गैस एजेंसी के संचालक से संपर्क कर उनका पक्ष जानने का प्रयास किया गया तो उन्होंने इस संबंध में कुछ भी बताने से इनकार कर दिया।
एजेंसी संचालक की चुप्पी के कारण मामले को लेकर और भी सवाल खड़े हो रहे हैं। स्थानीय लोगों ने संबंधित विभाग से पूरे मामले की जांच कराने तथा दोषी पाए जाने वालों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। उपभोक्ताओं का कहना है कि जांच के बाद ही सच्चाई सामने आएगी और भविष्य में ऐसी घटनाओं पर रोक लग सकेगी।



























