नर्सिंग होम व क्लीनिकों में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त रखें, लापरवाही पर होगी कार्रवाई – एसडीओ

SHARE:

बारसोई /कटिहार – स्वास्थ्य संस्थानों में मरीजों की सुरक्षा सुनिश्चित करने को लेकर बारसोई अनुमंडल प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। अनुमंडल कार्यालय सभागार में एसडीओ राजू कुमार ने नर्सिंग होम संचालकों, क्लीनिक संचालकों एवं चिकित्सकों के साथ बैठक कर अग्नि सुरक्षा व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।

बैठक में पीएससी से चिकित्सा पदाधिकारी डॉक्टर सलीम आलम, स्वास्थ्य प्रबंधक मलिक नोऐद इस्लाम मौजूद रहे। बैठक को संबोधित करते हुए एसडीओ ने कहा कि अस्पताल, नर्सिंग होम और क्लीनिक ऐसे स्थान हैं जहां हर समय मरीजों और उनके परिजनों की भीड़ रहती है। ऐसी स्थिति में अग्निकांड जैसी किसी भी अप्रिय घटना से बचाव के लिए सुरक्षा मानकों का पालन अनिवार्य है।

उन्होंने सभी स्वास्थ्य संस्थानों को फायर सेफ्टी उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा समय पर फायर ऑडिट कराने का निर्देश दिया। एसडीओ ने कहा कि हाल के दिनों में देश के विभिन्न हिस्सों में अस्पतालों एवं सार्वजनिक भवनों में हुई आगजनी की घटनाएं गंभीर चेतावनी हैं।

यदि सुरक्षा मानकों की अनदेखी की जाती है तो एक छोटी सी चूक भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है। इसलिए सभी संस्थानों को अपनी सुरक्षा व्यवस्था की नियमित जांच करनी चाहिए, उन्होंने कहा कि फायर ऑडिट से संस्थानों में मौजूद कमियों और संभावित खतरों की पहचान होती है, जिससे समय रहते आवश्यक सुधार किए जा सकते हैं। इससे न केवल मरीजों और कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित होती है, बल्कि संस्थान की विश्वसनीयता भी बढ़ती है।

बैठक में चिकित्सकों एवं संचालकों से आपातकालीन निकास मार्ग, अग्निशमन यंत्र, विद्युत सुरक्षा एवं आपदा प्रबंधन की तैयारियों को दुरुस्त रखने की अपील की गई। साथ ही स्पष्ट किया गया कि जन सुरक्षा से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही गंभीर मानी जाएगी। इस अवसर पर डॉ असगर आजम, डॉ दिलावर हुसैन,बैठक में स्वास्थ्य विभाग एवं अग्निशमन विभाग के अधिकारी, नर्सिंग होम संचालक आनंद गुप्ता, मोहम्मद गोलंबर, मोहम्मद जावेद, मोहम्मद मुन्ना, आदि दर्जनों नर्सिंग होम संचालक मौजूद रहे।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई