कटिहार – नगर निगम कटिहार क्षेत्र में बुडको की संचालित विकास योजनाओं की प्रगति की समीक्षा को लेकर गुरुवार को नगर निगम कार्यालय में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता महापौर उषा देवी अग्रवाल ने की। नगर आयुक्त संतोष कुमार के निर्देश पर आयोजित इस बैठक में स्टॉर्म वाटर ड्रेनेज सिस्टम एवं नल-जल योजना के तहत चल रहे कार्यों की विस्तार से समीक्षा की गई।
बैठक में बुडको के परियोजना निदेशक ने योजनाओं की वर्तमान स्थिति,प्रगति एवं कार्यान्वयन से संबंधित अद्यतन जानकारी प्रस्तुत की। इस दौरान संबंधित अभियंताओं, पदाधिकारियों एवं कर्मियों ने भी भाग लिया और विभिन्न परियोजनाओं की गुणवत्ता तथा समयबद्ध क्रियान्वयन पर चर्चा की गई। समीक्षा के दौरान नगर निगम क्षेत्र में निर्माणाधीन नालों के ऐसे हिस्सों को चिह्नित कर जल्द जोड़ने का निर्देश दिया गया, जहां ड्रेनेज नेटवर्क में “मिसिंग लिंक” की समस्या है।
साथ ही जिन स्थानों पर नाला निर्माण के लिए सड़कों को काटा गया है, वहां शीघ्र सड़क पुनर्स्थापन रेस्टोरेशन कार्य कराने का निर्देश भी दिया गया। बैठक में इस बात पर जोर दिया गया कि सभी परियोजनाओं को निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा किया जाए, ताकि शहरवासियों को बेहतर जल निकासी एवं पेयजल सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।
नगर निगम प्रशासन ने कहा कि समीक्षा बैठक के माध्यम से शहर में चल रही आधारभूत संरचना संबंधी परियोजनाओं को गति देने तथा नागरिक सुविधाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए आवश्यक निर्णय लिए गए हैं।

























