मनचलों की हिमाकत का विरोध करने पर पूरे परिवार को किया लहूलाहान,डहेरिया पुलिस छावनी में तब्दील

SHARE:

बेटी की अस्मत पर हाथ डालने वालों के खिलाफ आवाज उठाना पड़ा भारी

धारदार हथियारों से किया हमला

डीएम व एसपी मौके पर पहुंचकर विधि व्यवस्था संभाला

कटिहार – सीमांचल के प्रमुख और संवेदनशील जिले कटिहार से एक ऐसी हृदयविदारक और कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वाली घटना सामने आई है। जिसने सामाजिक समरसता और सुरक्षा के दावों की पोल खोलकर रख दी है। नगर थाना क्षेत्र के डहेरिया लक्ष्मण टोला में सरेराह एक बच्ची के साथ स्थानीय मनचलों द्वारा की गई अश्लील हरकत का विरोध करना एक परिवार के लिए काल बन गया।

न्याय की आस में जब परिजनों ने प्रतिवाद दर्ज कराया तो दबंग उपद्रवियों ने उलटा पीड़ित परिवार पर ही लाठी-डंडों, कुल्हाड़ी और धारदार हथियारों से जानलेवा हमला बोल दिया। इस बर्बरता में बीच-बचाव करने आए बच्ची के पिता का सिर फट गया। वहीं भाई समेत परिवार के आधा दर्जन लोग लहूलुहान होकर अस्पताल में जिंदगी की जंग लड़ रहे हैं।

​तनाव के बाद पुलिस छावनी में बदला इलाका –

घटना की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि पूरे डहेरिया लक्ष्मण टोला को भारी पुलिस बल की तैनाती के साथ छावनी में तब्दील कर दिया गया है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए जिला प्रशासन ने त्वरित कदम उठाये हैं। किसी भी संभावित सांप्रदायिक तनाव को रोकने के लिए जिलाधिकारी आशुतोष द्विवेदी और पुलिस कप्तान शिखर चौधरी स्वयं दलबल के साथ आधी रात को ही घटनास्थल पर पहुंचे। वर्तमान में चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल और रैपिड एक्शन के जवान फ्लैग मार्च कर रहे हैं, ताकि शांति व्यवस्था भंग न हो सके।इस हिंसक झड़प का एक रूह कंपा देने वाला वीडियो भी सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहा है।

जिसमें दूसरे समुदाय के उपद्रवियों द्वारा छतों और गलियों से अंधाधुंध पत्थरबाजी करते साफ देखा जा सकता है। पत्थरों की इस मार से पीड़ित परिवार के लोग असहाय होकर जमीन पर गिरते दिखे। घायलों की पहचान शिवशंकर साह, श्याम चौधरी, रोहित कुमार चौधरी और दो पीड़ित लड़कियों के पिता अजित ठाकुर व राजकरण साह के रूप में हुई है। इसके अलावा घर की कुछ महिलाएं भी इस खूनी तांडव में गंभीर रूप से चोटिल हुई हैं। पुलिस कप्तान शिखर चौधरी ने सख्त लहजे में कहा है कि वीडियो के आधार पर उपद्रवियों को चिह्नित किया जा रहा है। और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। नगर थाना पुलिस कई लोगों को हिरासत में लेकर पुछताछ कर रही है।

रिपोर्ट:सत्येंदु सुमन

सबसे ज्यादा पड़ गई