कटिहार – पूरे बिहार के साथ कटिहार में शुक्रवार से जनगणना-2027 के तहत स्व-गणना की प्रक्रिया शुरू हो गई है। अब आम लोग घर बैठे ही अपने परिवार की पूरी जानकारी ऑनलाइन दर्ज कर सकेंगे। 17 अप्रैल 2026 से 1 मई 2026 तक चलने वाली इस स्व-गणना मुहिम को सरकार ने जनभागीदारी बढ़ाने और प्रक्रिया को डिजिटल बनाने की दिशा में बड़ा कदम बताया है।
इसके बाद 2 मई से 31 मई 2026 तक घर-घर सर्वेक्षण यानी मकान सूचीकरण का काम किया जाएगा। इससे से जुड़े अधिकारियों का कहना है कि इससे डेटा ज्यादा सटीक और पारदर्शी होगा। सरकार ने लोगों से अपील किया है कि वे जनगणना के आधिकारिक पोर्टल se.census.gov.in पर जाकर सभी 33 सवालों के सही-सही जवाब दें और प्रक्रिया पूरी होने के बाद मिलने वाली एसई आईडी को सुरक्षित रखें।
खास बात यह है कि जनगणना अधिनियम 1948 के तहत दी गई सभी जानकारी पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी और इसका इस्तेमाल सिर्फ सरकारी आंकड़ों के लिए होगा। सरल भाषा में कहें तो अब जनगणना आपके दरवाजे पर आने से पहले आपके मोबाइल और लैपटॉप तक पहुंच चुकी है। अब देखना ये है कि लोग इस डिजिटल पहल में कितनी भागीदारी निभाते हैं।




























