500 से अधिक रोजेदार हुए शामिल
कटिहार – पवित्र माह-ए-रमजान के अवसर पर मनिहारी के मुख्य पार्षद सह युवा राजद के प्रदेश महासचिव राजेश कुमार उर्फ लाखो यादव के नेतृत्व में उनके मनिहारी स्थित आवासीय परिसर में दावत-ए-इफ्तार पार्टी का आयोजन किया गया। इस इफ्तार में 500 से अधिक रोजेदारों ने शिरकत की, वहीं विभिन्न समुदायों के बुद्धिजीवी लोग भी बड़ी संख्या में शामिल होकर आपसी भाईचारे का संदेश दिया।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से पूर्व केंद्रीय मंत्री सह राजद के अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय अध्यक्ष मोहम्मद अली अशरफ फातमी, कटिहार कांग्रेस के अध्यक्ष सुनील कुमार यादव सहित महागठबंधन के कई दिग्गज नेता उपस्थित रहे। मौके पर पूर्व केंद्रीय मंत्री मोहम्मद अली अशरफ फातमी ने मनिहारी मुख्य पार्षद सह युवा राजद के प्रदेश महासचिव राजेश कुमार उर्फ लाखों यादव द्वारा आयोजित इस इफ्तार पार्टी की जमकर सराहना की।
उन्होंने कहा कि रमजान का महीना प्रेम, भाईचारे और इंसानियत का पैगाम देता है, और इस तरह के आयोजन समाज में आपसी सौहार्द को मजबूत करते हैं। वहीं मनिहारी के मुख्य पार्षद सह युवा राजद के प्रदेश महासचिव राजेश कुमार उर्फ लाखों यादव ने कहा कि माह-ए-रमजान एक पवित्र महीना है और इस अवसर पर आपसी भाईचारा बढ़ाने के उद्देश्य से इस दावत-ए-इफ्तार का आयोजन किया गया है।
उन्होंने बताया कि इस आयोजन में 500 से अधिक रोजेदार शामिल हुए, साथ ही विभिन्न समुदायों के लोगों ने भी भाग लेकर सामाजिक सौहार्द और एकता का संदेश दिया। इस अवसर पर कटिहार कांग्रेस के अध्यक्ष सुनील कुमार यादव ने भी आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम समाज में प्रेम और सौहार्द को बढ़ावा देते हैं। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता, कार्यकर्ता और समाज के बुद्धिजीवी लोग मौजूद रहे।




























