किशनगंज/प्रतिनिधि
किशनगंज शहर के खगड़ा की रहने वाली जूही दास का चयन यूपीएससी की परीक्षा में अंतिम रूप से हुआ है। जूही को 649 वां रैंक मिला है।जूही शहर के खगड़ा प्रेमपुल निवासी स्व निवारन दास व मां अन्निका दास की पुत्री है।जूही को चौथे प्रयास में ये सफलता मिली है।इससे पहले जूही दूसरे और तीसरे प्रयास में साक्षात्कार तक पहुंची थी।
साक्षात्कार के दस दिन पहले ही जूही के पिता का बीमारी से देहांत हो गया था।24 फरवरी को साक्षात्कार था और 13 फरवरी को उनके पिता की मौत हुई थी। इसके बाद भी जूही साक्षात्कार में शामिल हुई थी और अंतिम रूप से सफल भी हुई।
जूही ने वर्ष 2015 में बाल मंदिर सीनियर सेकेंड्री स्कूल से 9.4 सीजीपीए लाकर मैट्रिक, वर्ष 2017 में चैतन्या विशाखापटनम से 92 परसेंट लाकर इंटर और कोलकाता से बीटेक किया।जूही के पिता अपने घर के पास ही मोटर पार्ट्स की दुकान चलाते थे। मां अन्निका दास न्यायमित्र है।जूही को उनकी मां से यूपीएससी की तैयारी करने की प्रेरणा मिली।सपन कुमार दास और सुशोभन दास के मार्गदर्शन में जूही को ये सफलता मिली।
सबसे खाश बात ये रही की जूही किसी कोचिंग संस्थान में अध्ययनरत नहीं थी।कुछ संस्थान से कभी कभी ऑनलाइन नोट मंगवा लिया करती थी।सेल्फ स्टडी से जूही को ये सफलता मिली।जूही ने बताया कि उन्हें आईपीएस या आईआरएस मिल सकता है।


























