होली को लेकर प्रशासन सतर्क,टेढ़ागाछ में निकाला गया फ्लैग मार्च

SHARE:


आगामी होली पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से।

विजय कुमार साह /टेढ़ागाछ

टेढ़ागाछ प्रशासन द्वारा सोमवार को व्यापक फ्लैग मार्च निकाला गया। फ्लैग मार्च प्रखंड मुख्यालय से शुरू होकर फुलबड़िया बाजार, कॉलेज चौक, रामपुर, मटियारी, बेणुगढ़, सुहिया हाट, कुवाड़ी हाट सहित प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न चौक-चौराहों से होकर गुजरा। इस दौरान लोगों से शांति एवं भाईचारे के साथ होली मनाने की अपील की गई।


फ्लैग मार्च में प्रखंड विकास पदाधिकारी अजय कुमार, अंचलाधिकारी शशि कुमार, सहायक थानाध्यक्ष रितेश कुमार, टेढ़ागाछ थाना के पुलिस बल एवं एसएसबी के जवान शामिल थे। सुरक्षा बलों की मौजूदगी से बाजारों एवं ग्रामीण क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था का संदेश स्पष्ट रूप से दिखाई दिया। प्रशासनिक अधिकारियों ने संवेदनशील स्थलों का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।

प्रखंड विकास पदाधिकारी अजय कुमार ने कहा कि होली रंगों और खुशियों का पर्व है, इसे शांति और आपसी सौहार्द के साथ मनाया जाना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में चेतावनी दी कि पर्व के नाम पर हुड़दंग, अशांति या कानून-व्यवस्था भंग करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने बताया कि प्रखंड क्षेत्र के 22 स्थानों पर मजिस्ट्रेट की तैनाती की जाएगी और उनके साथ पर्याप्त संख्या में पुलिस बल भी मौजूद रहेगा। अंचलाधिकारी शशि कुमार ने कहा कि प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और अफवाह फैलाने वालों पर कड़ी नजर रखी जाएगी।

सोशल मीडिया पर भ्रामक या आपत्तिजनक पोस्ट करने वालों के विरुद्ध भी सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने आमजन से अपील की कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत प्रशासन को दें।
सहायक थानाध्यक्ष रितेश कुमार ने बताया कि संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जाएगी। गश्ती दल लगातार भ्रमण करेंगे तथा भीड़भाड़ वाले स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती रहेगी। एसएसबी के जवानों की भागीदारी से सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ किया गया है।


फ्लैग मार्च के दौरान बाजारों और चौक-चौराहों पर लोगों ने प्रशासन के इस कदम का स्वागत किया। स्थानीय नागरिकों ने भरोसा जताया कि प्रशासन की मुस्तैदी से होली का पर्व शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न होगा। प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि वे आपसी भाईचारे की परंपरा को बनाए रखें, जबरन रंग न लगाएं, नशे से दूर रहें और किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें। टेढ़ागाछ प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है और पर्व के दौरान शांति भंग करने वालों पर त्वरित एवं कठोर कार्रवाई की जाएगी।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई