किशनगंज /विजय कुमार साह
टेढ़ागाछ पुलिस के सराहनीय प्रयास और सोशल मीडिया पर चली खबर के सकारात्मक असर से एक भटका हुआ बच्चा आखिरकार अपने परिजनों से मिल गया। बच्चे के परिजनों से मिलते ही थाना परिसर में भावुक दृश्य देखने को मिला। लंबे समय से बेटे की तलाश में भटक रहे माता-पिता की आंखों में खुशी के आंसू छलक पड़े। इस मानवीय कार्य के लिए परिजनों ने पुलिस प्रशासन एवं स्थानीय पत्रकारों के प्रति आभार व्यक्त किया।
सहायक थाना अध्यक्ष रितेश कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि उक्त बच्चा पिछले कई दिनों से टेढ़ागाछ थाना क्षेत्र में भटक रहा था। बच्चा न तो अपना नाम बता पा रहा था और न ही अपने परिजनों के संबंध में कोई जानकारी दे पा रहा था। साथ ही बच्चा बोलने में असमर्थ था, जिस कारण उसकी पहचान कर पाना पुलिस के लिए एक बड़ी चुनौती बन गया था।
पुलिस ने मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए बच्चे को थाना में सुरक्षित रखा और उसकी देखभाल की। इसके साथ ही स्थानीय पत्रकारों के सहयोग से बच्चे की जानकारी सोशल मीडिया पर साझा की गई। सोशल मीडिया पर खबर वायरल होने के बाद बच्चे के माता-पिता तक सूचना पहुंची और वे आज टेढ़ागाछ थाना पहुंचकर अपने भटके हुए बेटे से मिले।
भटके हुए बच्चे की पहचान विक्रम कुमार ऋषिदेव, पिता अनिल ऋषिदेव, पंचायत अरड़ाहा, वार्ड संख्या 10, गंजभाग, थाना सिमराह, जिला अररिया (अस्थायी निवासी) के रूप में की गई है। बच्चे के माता-पिता ने बताया कि वे पिछले 16 दिनों से दिन-रात एक कर अपने बेटे की तलाश कर रहे थे। हर संभावित स्थान पर खोज की गई, लेकिन कहीं कोई सफलता नहीं मिल रही थी।
सोशल मीडिया पर खबर देखने के बाद उन्हें अपने बच्चे के मिलने की जानकारी मिली, जिसके बाद वे तुरंत टेढ़ागाछ पहुंचे।बच्चे के सकुशल मिलने पर परिजनों ने थाना अध्यक्ष मोहम्मद ऐजहर आलम, सहायक थाना अध्यक्ष रितेश कुमार, सब-इंस्पेक्टर विकास कुमार, एनिमा कुमारी, बृज किशोर बैजू, सरोज कुमार सहित अन्य पुलिस पदाधिकारियों एवं स्थानीय पत्रकारों का हृदय से धन्यवाद किया।




























