किशनगंज में रंगों का त्योहार होली शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण के साथ संपन्न हुआ। होली को लेकर शहरी व ग्रामीण इलाकों में उत्साह का माहौल कायम रहा। होलिका दहन के बाद से ही रंग व अबीर का जो सिलसिला प्रारंभ हुआ वह शुक्रवार के दिन भर जारी रहा। हालांकि गुरुवार की रात होलिका दहन किए जाने के बाद शहर में रंग व गुलाल से जिले के लोग सराबोर दिखे।
जिलाधिकारी विशाल राज तथा एसपी सागर कुमार ने भी एक दूसरे के साथ जमकर होली खेली। जिला प्रशासन द्वारा भी सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। सभी थाने की पुलिस इस त्योहार को शांतिपूर्ण संपन्न कराने के लिए तत्पर दिखी। पुलिस को ये साफ तौर पे निर्देश दिए गए थे कि होली में लफंगो पर विशेष नजर रखे।
शहर में डीजे बजाने पर पुरी तरह से रोक रही। साथ ही पुलिस व्यवस्था को ठीक करने में काफी चुस्त दिखी। होली को ले ग्रामीण इलाकों में खासा उत्साह देखा गया। होली गायन अधिकांश गांवों में हुआ। चारों तरफ खुशनुमा माहौल कायम था। होली के लेकर दुकानों पर भी भीड़ जुटी रही। इस त्योहार को लेकर बच्चों व नवयुवकों में तो उत्साह था ही बूढ़े लोग भी खासे उत्साहित थे।
उनपर भी फगुनहट इस कदर सवार था कि वे भी रंग में गोता लगाते हुए दिखे।
वही गली-मोहल्लों में बच्चों ने पानी में रंग घोल कर आने-जाने वाले लोगों पर रंग डालते रहे। दोपहर तीन बजे तक रंगों से होली खेली गई। सड़क और घर के आंगन रंगों से लाल-पीले हो गए।
रोल बाग ,गांधी चौक, पश्चिमपाली चौक, डे-मार्केट, धर्मगंज चौक, गंगा बाबू चौक, चौपड़िया, फल चौक, सुभाषपल्ली चौक, पूरबपाली चौक और तेघरिया चौक पर रंग खेलने वाले युवा टोलियों का जमावड़ा लगा रहा।
इसके बाद संध्या पांच बजे से गुलाल की होली शुरू हुई। लोगों ने एक दूसरे के घर जाकर गुलाल गलाए। बच्चे और युवाओं ने बड़ों के चरण पर गुलाल डाल कर आर्शीवाद लिए। वहीं बड़े-बुजुर्गों ने छोटों को उपहार स्वरूप गिफ्ट भी दिए। गुलाल की होली रात्रि दस बजे तक चलती रही।जिले के सातों प्रखंडों में पर्व शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न होने के बाद प्रशासन ने भी राहत की सांस ली।


