फारबिसगंज में गुड़ व्यवसाई से लूट मामले का पुलिस ने 24 घंटे के अंदर किया उद्भेदन ,चार अपराधी गिरफ्तार

SHARE:

अररिया /अरुण कुमार

फारबिसगंज पुलिस ने चौबीस घंटे के अंदर गुड़ व्यवसायी के प्रतिष्ठान में लूटकांड का खुलासा करते हुए घटना में शामिल चार अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार सभी अपराधी जोगबनी के रहने वाले हैं। अपराधियों के पास से लूटे गए रूपए में से 32 हजार 5 सौ रुपए के अलावा तीन बाइक, पिस्टल की गोली, पांच मोबाइल तथा घटना के समय प्रयोग किए गए कपड़े आदि बरामद किया है।

गिरफ्तार अपराधियों में जोगबनी वार्ड संख्या सात निवासी मास्टरमाइंड विशाल कुमार मंडल, सोनू कुमार ठाकुर, जोगबनी नेताजी चौक के संजय कुमार मंडल एवं अमन कुमार राय शामिल हैं गिरफ्तार सभी अपराधियों पूर्व से आपराधिक इतिहास रहा है।

मालूम हो की सोमवार की शाम बाजार समिति परिसर स्थित मेसर्स दुर्गा स्टोर नामक गुड़ के थोक व्यवसायी के प्रतिष्ठान में ग्राहक बनकर सरगना विशाल एवं सोनू पहुंचा। दोनों अपराधियों ने हथियार के बल पर पास रखे तकरीबन चालीस हजार रुपए लूट लिए। अपराधियों ने चाकू मारकर कारोबारी शिवम गुप्ता को घायल कर दिया।

फरार होने के समय उनकी बाइक ने धोखा दे दिया। जिसके बाद दोनों पेट्रोल पंप के दीवार फांद भाग निकले थे। एसपी अशोक कुमार सिंह,डीएसपी शुभांक मिश्रा ने पीड़ित व्यवसायी से घटना की जानकारी ली। जिसके बाद एसपी के निर्देश के आलोक में डीएसपी के नेतृत्व में कांड के उद्भेदन एवं अभियुक्तों की गिरफ्तारी हेतु टीम का गठन करते हुए छापेमारी अभियान चलाया गया।

छापेमारी के दौरान टीम ने जोगबनी के चिन्हित स्थानों पर छापेमारी करते हुए गिरोह के मास्टरमाइंड विशाल मंडल को उनके घर में ही पकड़ा। जबकि उसी स्थान पर पुआल में छिपे सोनू को भी धर दबोचा। पुलिस ने मौके से ही विशाल के पास से एक जिंदा पिस्टल की गोली, एक मोबाइल आदि बरामद किया।

वहीं सोनू के पास से गोली का खोखा एवं अन्य समान बरामद किया। छापेमारी में पुलिस टीम के सख्ती बरतने पर विशाल के बताए अनुसार अभियुक्त संजय मंडल को गिरफ्तार किया गया। जहां पुलिस ने उसके घर से 32 हजार पांच सौ रुपए के अलावा एक बाइक एवं एक मोबाइल बरामद किया। थाना अध्यक्ष आफताब अहमद ने बताया की गिरफ्तार अपराधियों को जेल भेजा जा रहा है।

सबसे ज्यादा पड़ गई