किशनगंज /सागर चन्द्रा
राष्ट्रीय बालिका दिवस के मौके पर कई कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। जिला कार्यक्रम पदाधिकारी आईसीडीएस सुमन सिंह के अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम के दौरान बालिकाओं की महत्ता का व्यापक प्रचार किया गया। बेटी बचाओ बेटी पढाओ अभियान के तहत बच्चियों को बाल विवाह, दहेज प्रथा, यौन उत्पीड़न, छेड़–छाड़, घरेलू हिंसा से संबंधित योजनाओं और अन्य कार्यक्रमों की जानकारी दी गई।

समाज सेवी रचना कुमारी ने बताया कि कन्या भ्रूण हत्या, लड़कियों का कम या बिल्कुल भी पढ़ा लिखा न होना, जीवन में असामनता एक जटिल समस्या बनी हुई है। भारत सरकार ने इसकी ओर ध्यान देते हुए बेटी बचाओ बेटी पढाओ अभियान की शुरुआत की है। जिसका उद्देश्य बेटियों के प्रति सकारात्मक सोच को बढ़ावा देना और उनके अधिकार की रक्षा करना है। उन्होंने उपस्थित बच्चियों को बालिका के जन्म पर खुशी एवं उत्सव मनाने की शपथ दिलाई।
साथ ही लडके एवं लड़कियों के बीच समानता को बढ़ावा देने, महिलाओं- बेटियों के सम्पति के अधिकार को समर्थन देंगे और सुरक्षित माहौल में बच्चियों के आत्म बल को बढ़ाने के लिए उन्हें शिक्षा के साथ–साथ कराटे, योगा, चेस, चित्रकला, खेल आदि में बढ़ावा देने की भी शपथ दिलाई गई। इस मौके पर लड़कियों के एकता को बढ़ावा देने के लिए मानव श्रृंखला भी बनाई गई।


