जिले से 112 लोगों को हज पर जाने की मिली है अनुमति
किशनगंज /सागर चन्द्रा
हज के लिए मक्का जाने वाले लोगों के लिए सदर अस्पताल में मेडिकल कैंप का आयोजन किया जा रहा है। सदर अस्पताल स्थित दीदी की रसोई के समीप बकायदा कैंप लगाकर टीकाकरण कार्य किया जा रहा है। अस्पताल उपाधीक्षक डा.अनवर हुसैन ने हज के लिए जाने वाले लोगों को पोलियो की खुराक पिला कर इसकी शुरुआत की। कैंप में लोगों को मेनेनजाइटिस का टीका के साथ साथ पोलियो की खुराक भी दी जा रही है।
इस मौके पर डिस्ट्रिक्ट हज ट्रेनर अबरार आलम नदवी ने बताया कि सउदी नियमों के अनुसार हज के लिए मक्का जाने वाले जिले वासियों के लिए टीकाकरण का सर्टिफिकेट जरूरी है। उन्होंने बताया कि कोरोना काल के कारण दो वर्ष तक हज पर रोक लगा दी गई थी।
जिले से कुल 190 लोगों ने हज के लिए मक्का जाने का आवेदन दिया था। लेकिन सउदी सरकार के द्वारा 65 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों को हज की अनुमति नहीं दी गई। जिले से सिर्फ 112 लोगों को हज पर जाने की अनुमति दी गई है।
उन्होंने बताया कि इस वर्ष हज पर जाने वाले लोगों की जेब पर भी असर पड़ेगा। वर्ष 2019 में जहां हज पर जाने के लिए 2.74 लाख रुपये खर्च होते थे वहीं 2022 में लोगों को 4.36 लाख रुपये खर्च करने होंगे।