टेढ़ागाछ/विजय कुमार साह
प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत चिल्हनियां पंचायत के वार्ड संख्या-14 देवरी खास से रहमतपुर जाने वाली मुख्यमंत्री सड़क वर्ष 2017 की विनाशकारी बाढ़ में सुहिया गांव के समीप लगभग तीन किलोमीटर तक ध्वस्त हो गई थी। बाढ़ के नौ वर्ष बाद भी सड़क का पुनर्निर्माण नहीं होने से क्षेत्र के हजारों ग्रामीणों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
यह सड़क प्रखंड की कई पंचायतों के लिए मुख्य संपर्क मार्ग है। दुर्गापुर, मियापुर, हवाकोल, धवेली, झाला, डाकपोखर, बैगना, चिल्हनियां, मटियारी, झुनकी मुसहरा सहित दर्जनों गांवों और पंचायतों के लोग इसी मार्ग से प्रखंड मुख्यालय, जिला मुख्यालय तथा हाट-बाजार तक पहुंचते हैं। बरसात के दिनों में पूरा इलाका जलमग्न हो जाने से आवागमन लगभग ठप हो जाता है, जिससे आम लोगों, छात्रों, मरीजों और किसानों को सबसे अधिक परेशानी झेलनी पड़ती है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि वर्ष 2017 की बाढ़ में प्रखंड क्षेत्र के दर्जन स्थानों पर सड़क बीच से कटकर ध्वस्त हो गई थी। इसके बावजूद संबंधित विभाग द्वारा अब तक सड़क एवं आरसीसी पुल निर्माण की दिशा में कोई ठोस पहल नहीं की गई है।
चिल्हनियां पंचायत के मुखिया मोफत लाल ऋषिदेव तथा प्रखंड प्रमुख उजाला परवीन ने जिला प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि सड़क और आरसीसी पुल का निर्माण होने से हजारों लोगों को आवागमन में राहत मिलेगी तथा क्षेत्र के विकास को भी गति मिलेगी।
जनप्रतिनिधियों ने नवपदस्थापित जिला पदाधिकारी नवीन कुमार से जनहित से जुड़े इस महत्वपूर्ण मामले में प्राथमिकता के आधार पर हस्तक्षेप करते हुए सड़क एवं आरसीसी पुल निर्माण की स्वीकृति दिलाने की मांग की है, ताकि वर्षों से चली आ रही समस्या का स्थायी समाधान हो सके।