अररिया /बिपुल विश्वास
शहर के ऐतिहासिक हवाई अड्डा मैदान में रावण दहन कार्यक्रम के बाद फैली गंदगी को दूर करने के लिए अनुमंडल प्रशासन और आयोजन समिति ने स्वच्छता अभियान चलाया। रावण दहन कार्यक्रम में जुटी भीड़ और अस्थायी दुकानदारों द्वारा जगह-जगह कचरा फैलाए जाने के कारण पूरा मैदान गंदगी से भर गया था। इसके बाद फारबिसगंज के अनुमंडल पदाधिकारी अभय तिवारी और रावण दहन कार्यक्रम के अध्यक्ष विजय प्रकाश के नेतृत्व में स्वच्छ भारत मिशन के तहत विशेष साफ-सफाई अभियान चलाया गया।
इस अभियान में रावण दहन आयोजन समिति के सदस्यों के साथ विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। सभी ने मिलकर मैदान में बिखरे कचरे को एकत्र किया और पूरे परिसर की साफ-सफाई कर उसे स्वच्छ बनाने का प्रयास किया। अभियान के माध्यम से लोगों को सार्वजनिक स्थलों पर स्वच्छता बनाए रखने और कचरा इधर-उधर नहीं फेंकने का संदेश भी दिया गया।
इस मौके पर अनुमंडल पदाधिकारी अभय तिवारी ने कहा कि हम जहां रहते हैं और जिस समाज का हिस्सा हैं, वहां साफ-सफाई बनाए रखना भी हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है। वहीं, आयोजन समिति के अध्यक्ष विजय प्रकाश ने कहा कि रावण दहन जैसे बड़े आयोजन में बड़ी संख्या में लोग जुटते हैं।
इस दौरान यदि गंदगी फैलती है, तो उसे साफ करने की जिम्मेदारी भी हमारी ही बनती है। उन्होंने कहा कि जिस मैदान में हजारों लोग एकत्रित होकर उत्सव मनाते हैं, उसे स्वच्छ रखना भी हम सभी का दायित्व है।इस मौके पर आयुष अग्रवाल सहित अन्य दर्जनों लोग मौजूद थे