हसनगंज /कटिहार -उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय, हसनगंज के छात्र राहुल कुमार ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन किया है। राष्ट्रीय स्तरीय प्रदर्शनी एवं परियोजना प्रतियोगिता में कटिहार जिले का प्रतिनिधित्व करने दिल्ली गए राहुल ने प्रगति मैदान में आयोजित प्रदर्शनी में अपने मॉडल का प्रदर्शन किया। उनके मॉडल को हजारों लोगों ने देखा और सराहा।इस राष्ट्रीय स्तरीय प्रतियोगिता में देश के विभिन्न राज्यों से इंस्पायर मानक योजना के तहत चयनित छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया था।
प्रदर्शनी में भाग लेकर लौटने के बाद बिहार सरकार के माननीय शिक्षा मंत्री द्वारा राहुल सहित अन्य छात्रों को पुरस्कृत एवं सम्मानित किया गया।राहुल के विद्यालय लौटने पर विद्यालय परिवार की ओर से उनका भव्य स्वागत किया गया। इस अवसर पर राहुल के साथ उनके मेंटर शिक्षक श्री राकेश कुमार का भी जोरदार अभिनंदन किया गया।
विद्यालय परिसर में आयोजित स्वागत समारोह में राहुल ने दिल्ली में बिताए अपने अनुभवों को साथी छात्र-छात्राओं के साथ साझा किया और उन्हें भी अपनी प्रतिभा निखारने तथा जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।राहुल की इस उपलब्धि पर शिक्षा विभाग के अधिकारियों, विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं छात्र-छात्राओं ने खुशी जाहिर की।
विद्यालय के प्रधानाध्यापक पवन कुमार भगत ने भी राहुल की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे विद्यालय के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया।दिल्ली में न केवल राहुल बल्कि मेंटर शिक्षक राकेश कुमार और विद्यालय को भी सर्टिफिकेट दिया गया है।राहुल की इस सफलता से विद्यालय परिवार में उत्साह का माहौल है। उनकी उपलब्धि अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत बनी है और यह साबित करती है कि मेहनत, लगन तथा सही मार्गदर्शन से ग्रामीण परिवेश के विद्यार्थी भी राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकते हैं।