न्यूज लेमनचूस

Follow Us:

न्यूज लेमनचूस

कोसमन नदी से मिला अंडा कारोबारी का शव,जांच में जुटी पुलिस

मारपीट कर पानी में फेंके जाने की आशंका

डीएसपी विनोद कुमार बोले- प्रथम दृष्टया मारपीट कर पानी में फेंके जाने का प्रतीत हो रहा मामला

एक व्यक्ति हिरासत में

एफएसएल टीम ने जुटाए साक्ष्य

मनिहारी/कटिहार – मनिहारी थाना क्षेत्र की नारायणपुर पंचायत के वार्ड संख्या 9 निवासी गंगा साह पिता बेचन साह का शव शनिवार सुबह कोसमन ईदगाह के समीप नदी से बरामद किया गया। शव मिलने की सूचना पर इलाके में ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। घटना की जानकारी मिलते ही डीएसपी विनोद कुमार, मनिहारी थानाध्यक्ष संतोष कुमार झा समेत पुलिस बल मौके पर पहुंचा। जानकारी के अनुसार गंगा साह कई वर्षों से सड़क किनारे किराना दुकान चलाने के साथ अंडे की फेरी लगाकर परिवार का भरण-पोषण करते थे।

मृतक की पत्नी गीता देवी ने बताया कि उनके पति उधार के पैसे वसूलने की बात कहकर घर से निकले थे। देर रात तक वापस नहीं लौटने पर उन्होंने कई बार पति से संपर्क करने की कोशिश की। लेकिन बात नहीं हो सकी। इसके बाद परिजनों ने अपने स्तर से रातभर उनकी तलाश की। शनिवार सुबह कोसमन ईदगाह के समीप सड़क किनारे चाबी लगी एक बाइक दिखाई दी। ग्रामीणों ने बाइक की पहचान गंगा साह की बाइक के रूप में की।

इसके बाद आसपास के लोगों ने नदी में तलाश शुरू की। तलाश के दौरान गंगा साह का शव पानी से बरामद हुआ। घटना की सूचना पुलिस को दी गई। कागज प्रक्रिया कर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।मौके पर पहुंचे डीएसपी विनोद कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया ऐसा प्रतीत हो रहा है कि गंगा शाह के साथ मारपीट कर उन्हें पानी में फेंका गया है।

मामले में एक व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। घटना के वास्तविक कारणों और परिस्थितियों का पता जांच के बाद ही चल सकेगा। एफएसएल टीम ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर जांच की और जरूरी साक्ष्य जुटाए। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट समेत अन्य तथ्यों के आधार पर मामले की पड़ताल कर रही है।

Share this news

Leave a Comment