1 दिसंबर से 28 फरवरी तक लागू रहेगा बदलाव
यात्रा से पहले ट्रेन का शेड्यूल जांचने की अपील
कटिहार – सर्दियों में घने कोहरे के कारण रेल परिचालन को सुरक्षित और सुचारू बनाए रखने के लिए रेलवे ने बड़ा कदम उठाया है। पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे के कटिहार रेल मंडल से गुजरने वाली कई प्रमुख ट्रेनों को कोहरे के मौसम में अस्थायी रूप से रद्द करने तथा कुछ ट्रेनों के परिचालन के फेरों में कटौती करने का निर्णय लिया गया है। यह व्यवस्था 1 दिसंबर 2026 से 28 फरवरी 2027 तक प्रभावी रहेगी। इस फैसले से बिहार, पश्चिम बंगाल, असम और दिल्ली सहित विभिन्न क्षेत्रों के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों की रेल यात्रा प्रभावित हो सकती है।
कटिहार रेल मंडल के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सह मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अनूप कुमार सिंह ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा शुरू करने से पहले अपनी ट्रेन की स्थिति और निर्धारित समय-सारणी की जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें। उन्होंने कहा कि कोहरे के दौरान ट्रेनों की समयबद्धता और यात्रियों की संरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है। यात्री रेलवे हेल्पलाइन 139, एनटीईएस ऐप अथवा रेलवे के आधिकारिक माध्यमों से जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
कोहरे के मौसम में छह प्रमुख ट्रेनों को निर्धारित दिनों में रद्द रखने का निर्णय लिया गया है। ट्रेन नंबर 15903 डिब्रूगढ़–चंडीगढ़ एक्सप्रेस: प्रत्येक शुक्रवार एवं सोमवार, ट्रेन नंबर 15904 चंडीगढ़–डिब्रूगढ़ एक्सप्रेस: प्रत्येक रविवार एवं बुधवार, ट्रेन नंबर 15620 कामाख्या– गया एक्सप्रेस: प्रत्येक सोमवार, ट्रेन नंबर 15619 गया–कामाख्या एक्सप्रेस: प्रत्येक मंगलवार, ट्रेन नंबर 15621 कामाख्या–आनंद विहार टर्मिनल एक्सप्रेस: प्रत्येक गुरुवार, ट्रेन नंबर 15622 आनंद विहार टर्मिनल–कामाख्या एक्सप्रेस: प्रत्येक शुक्रवार को अप डाउन में निर्धारित दिन रद्द रहेगी ।
रेलवे ने आठ अन्य प्रमुख ट्रेनों के परिचालन में भी निर्धारित दिनों पर कटौती करने का फैसला लिया है।ट्रेन नंबर 12505 कामाख्या– आनंद विहार नॉर्थ ईस्ट एक्सप्रेस: प्रत्येक बुधवार एवं रविवार, ट्रेन नंबर 12506 आनंद विहार–कामाख्या नॉर्थ ईस्ट एक्सप्रेस: प्रत्येक शुक्रवार एवं मंगलवार, ट्रेन नंबर 15483 अलीपुरद्वार–दिल्ली सिक्किम महानंदा एक्सप्रेस: प्रत्येक बुधवार एवं शनिवार, ट्रेन नंबर 15484 दिल्ली–अलीपुरद्वार सिक्किम महानंदा एक्सप्रेस: प्रत्येक शुक्रवार एवं सोमवार, ट्रेन नंबर 15725 न्यू जलपाईगुड़ी–आनंद विहार टर्मिनल एक्सप्रेस: प्रत्येक मंगलवार, ट्रेन नंबर 15726 आनंद विहार टर्मिनल–न्यू जलपाईगुड़ी एक्सप्रेस: प्रत्येक बुधवार, ट्रेन नंबर 15909 डिब्रूगढ़–लालगढ़ अवध असम एक्सप्रेस: प्रत्येक शनिवार, ट्रेन नंबर 15910 लालगढ़– डिब्रूगढ़ अवध असम एक्सप्रेस: प्रत्येक मंगलवार को नहीं चलेगी।
रेलवे प्रशासन ने संबंधित अधिकारियों को स्टेशनों पर उद्घोषणा प्रणाली, एसएमएस अलर्ट तथा पूछताछ काउंटरों के माध्यम से यात्रियों को समय पर जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। रेलवे का उद्देश्य कोहरे के दौरान संभावित परिचालन संबंधी परेशानियों को ध्यान में रखते हुए यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना और उन्हें अनावश्यक असुविधा से बचाना है।