दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने को लेकर डीएम ने दिये निर्देश
कटिहार–जिला सड़क सुरक्षा समिति की समीक्षात्मक बैठक जिला पदाधिकारी आशुतोष द्विवेदी की अध्यक्षता मे एनआईसी सभागार में आयोजित की गई। बैठक में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम, यातायात नियमों का अनुपालन सुनिश्चित करने तथा सड़क सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के विभिन्न बिंदुओं की समीक्षा की गई तथा संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिये गये।
इस क्रम में वाहनों की सघन जांच, हेलमेट एवं सीट बेल्ट जांच अभियान को नियमित रूप से चलाने, नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने पर रोक लगाने तथा वाहन के आवश्यक कागजातों की जांच करने का निर्देश दिया गया। तो वहीं चिह्नित ब्लैक स्पॉट पर दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए आवश्यक सुरक्षा उपाय, सड़क मार्किंग, साइनेज, रंबल स्ट्रिप एवं अन्य तकनीकी सुधार सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
राष्ट्रीय राजमार्गों पर चिह्नित ब्लैक स्पॉट की समीक्षा करते हुए जिला पदाधिकारी ने आवश्यक सुधार कार्य शीघ्र पूरा करने का निर्देश दिया।जबकि ओवरलोडिंग पर कार्रवाई, सड़कों से अतिक्रमण हटाने, भारी वाहनों के लिए ट्रक ले-बाय एवं सुरक्षित पार्किंग की व्यवस्था करने तथा इलेक्ट्रिक वाहनों के लिए सार्वजनिक चार्जिंग स्टेशन स्थापित करने से संबंधित कार्यों की भी समीक्षा की गई।
यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने के लिए प्रमुख चौक -चौराहों पर ट्रैफिक ट्रॉली की उपलब्धता बढ़ाने, संभावित बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में नावों की सुरक्षा एवं उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा राष्ट्रीय राजमार्गों पर गश्ती व्यवस्था को प्रभावी बनाने का निर्देश देते हुए उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ निर्देशों का अनुपालन सुनिश्चित करने तथा सड़क सुरक्षा से जुड़े कार्यों की नियमित निगरानी करने का निर्देश दिया,ताकि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।
बैठक में नगर आयुक्त संतोष कुमार,जिला परिवहन पदाधिकारी डेजी रानी ट्रैफिक डीएसपी सद्दाम हुसैन, सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी वन विशाल आनंद,डीएसपी सुनील कुमार शर्मा सहित जिला सड़क सुरक्षा समिति के सभी सदस्यगण उपस्थित रहे।