पुलिस ने दो आरोपितों को गिरफ्तार कर भेजा जेल
बरारी /कटिहार – बरारी हाट के मेले में बाइक से धक्का लगने को लेकर हुए विवाद में एक व्यक्ति को पीठ में चाकू मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया ।घटना के बाद मेले में अफरा तफरी का माहौल बन गया।स्थानीय लोगों और बरारी थाना पुलिस के सहयोग से घायल व्यक्ति को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बरारी में भर्ती कराया गया।वहां चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए कटिहार रेफर कर दिया।
जानकारी के अनुसार बरारी हाट में लगे मेले के दौरान बाइक से धक्का लगने को लेकर विवाद शुरू हुआ।देखते ही देखते विवाद ने गंभीर रूप ले लिया और एक व्यक्ति की पीठ में चाकू मार दिया गया।घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। घायल की स्थिति गंभीर होने के कारण उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।
मेले में विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए ड्यूटी पर तैनात बरारी थाना के पुलिस अवर निरीक्षक आलोक कुमार ने घटना की जानकारी मिलते ही त्वरित कार्रवाई की।पुलिस ने चाकू मारने के आरोप में दो युवकों को गिरफ्तार किया।गिरफ्तार आरोपितों की पहचान पूर्वी बारीनगर पंचायत निवासी नीरज चौधरी तथा दरवै गांव निवासी सन्नी कुमार यादव के रूप में हुई है।
पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद दोनों आरोपितों को न्यायिक हिरासत में कटिहार जेल भेज दिया।पुलिस अवर निरीक्षक आलोक कुमार ने बताया कि बाइक से धक्का लगने को लेकर विवाद हुआ था।जिसके बाद चाकूबाजी की घटना हुई।पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।मेले में हुई इस घटना के बाद लोगों के बीच चर्चा का माहौल बना हुआ है। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से मामले में आरोपितों की गिरफ्तारी की गई है।