बाइक और मोबाइल बरामद
हसनगंज /कटिहार – हसनगंज थाना क्षेत्र में नशा तस्करी के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 308.97 ग्राम स्मैक के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के पास से दो मोबाइल, एक मोटरसाइकिल और 800 रुपये नकद भी बरामद किए हैं। इस मामले में पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
मिली जानकारी के अनुसार हसनगंज पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि क्षेत्र में स्मैक की तस्करी की जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस ने सपनी सड़क मोड़ के समीप जांच अभियान चलाया। इसी दौरान संदिग्ध व्यक्तियों की तलाशी लेने पर 308.97 ग्राम स्मैक बरामद हुआ। इसके बाद पुलिस ने मौके से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। इस संबंध में हसनगंज थानाध्यक्ष निक्की कुमारी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पश्चिम बंगाल के मालदा जिले के कलियाचक थाना क्षेत्र अंतर्गत यदुपुर निवासी मोहम्मद मुरसेलिम, पिता मोहम्मद अलाउद्दीन, तथा सुजापुर निवासी नसीरूल, पिता डुलू शेख, के रूप में हुई है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के पास से स्मैक के अलावा दो मोबाइल, एक मोटरसाइकिल और 800 रुपये नकद बरामद किए हैं। थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले में हसनगंज थाना कांड संख्या 251/2026 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र में नशा तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस लगातार अभियान चला रही है। नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस ने स्पष्ट किया कि इस तरह की गतिविधियों में शामिल लोगों को बख्शा नहीं जाएगा।