20 मतदान केंद्रों पर 10,997 मतदाताओं में 5,543 ने डाले वोट, बूथ संख्या 88 पर सर्वाधिक 77.53 फीसदी और 83 ए पर सबसे कम 39.04 प्रतिशत मतदान
प्रेक्षक सह प्रमंडलीय आयुक्त मुंगेर ने पांच बुथ का किया औचक निरीक्षण
कटिहार – बिहार विधान परिषद के 06-कोसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के द्विवार्षिक चुनाव के तहत शुक्रवार को क जिले में शांतिपूर्ण माहौल में मतदान संपन्न हुआ। जिले के 20 मतदान केंद्रों पर कुल 10,997 पंजीकृत मतदाताओं में से 5,543 ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इसके साथ ही जिले में कुल मतदान प्रतिशत 50.50 रहा। मतदान के आंकड़ों के अनुसार पुरुष मतदाताओं की भागीदारी महिलाओं से अधिक रही। पुरुषों का मतदान प्रतिशत 51.83, जबकि महिलाओं का 46.10 प्रतिशत दर्ज किया गया। मतदान के दौरान प्रशासनिक अधिकारियों ने केंद्रों का निरीक्षण किया और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।

बूथ संख्या 88 पर सबसे अधिक मतदान
जिले के अलग-अलग मतदान केंद्रों पर मतदान प्रतिशत में अंतर देखने को मिला। उपलब्ध बूथवार आंकड़ों के अनुसार, बूथ संख्या 88 पर सबसे अधिक 77.53 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। यहां कुल 178 मतदाताओं में से 138 ने वोट डाले। इनमें 110 पुरुष और 28 महिला मतदाता शामिल रहे।इसके बाद बूथ संख्या 91 पर 69.50 प्रतिशत मतदान हुआ। यहां 259 मतदाताओं में से 180 ने मताधिकार का प्रयोग किया। बूथ संख्या 81 पर 462 में से 315 मतदाताओं ने वोट डाले और मतदान प्रतिशत 68.18 रहा। वहीं, बूथ संख्या 92 पर 416 में से 266 मतदाताओं ने मतदान किया। यहां 63.94 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। बूथ संख्या 89 पर 240 में से 150 मतदाताओं ने वोट डाले और मतदान प्रतिशत 62.50 रहा।
बूथ 83ए पर सबसे कम 39.04 प्रतिशत वोटिंग
मतदान के आंकड़ों में बूथ संख्या 83ए पर सबसे कम मतदान दर्ज किया गया। यहां कुल 643 मतदाताओं में से 251 ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इस तरह मतदान प्रतिशत 39.04 रहा। बूथ संख्या 85 पर 1,017 मतदाताओं में से 405 ने वोट डाले और मतदान प्रतिशत 39.82 रहा। बूथ संख्या 85ए पर 1,019 में से 414 मतदाताओं ने मतदान किया, जो 40.63 प्रतिशत रहा। बूथ संख्या 86 पर 963 मतदाताओं में से 395 ने वोट डाले और मतदान प्रतिशत 41.02 दर्ज किया गया।
इन आंकड़ों से स्पष्ट है कि जिले के विभिन्न मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की भागीदारी में अंतर रहा। कुछ केंद्रों पर मतदान प्रतिशत अधिक रहा, जबकि कुछ केंद्रों पर आधे से भी कम मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
पुरुष मतदाताओं की भागीदारी अधिक
जिले के मतदान संबंधी आंकड़ों के अनुसार, कुल 5,543 मतदाताओं में 4,366 पुरुष और 1,177 महिला मतदाता शामिल रहीं। पुरुषों का मतदान प्रतिशत 51.83 और महिलाओं का 46.10 प्रतिशत रहा। इस प्रकार पुरुषों की भागीदारी महिलाओं की तुलना में अधिक रही। स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में मतदान के लिए पात्र मतदाता अपने प्रतिनिधि का चुनाव करते हैं। निर्वाचित सदस्य से शिक्षा, रोजगार और स्नातक समुदाय से जुड़े मुद्दों को विधान परिषद में उठाने की अपेक्षा रहती है।
डीएम-एसपी ने लिया सुरक्षा व्यवस्था का जायजा
मतदान को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन की ओर से सुरक्षा के इंतजाम किए गए थे। सभी 20 मतदान केंद्रों पर दंडाधिकारी और सुरक्षा बलों की तैनाती की गई थी। जोनल एवं सुपर जोनल अधिकारी लगातार क्षेत्रों का भ्रमण कर मतदान प्रक्रिया की निगरानी करते रहे।जिलाधिकारी आशुतोष द्विवेदी और पुलिस अधीक्षक परिचय कुमार ने भी मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था तथा विधि-व्यवस्था की स्थिति का जायजा लिया। जिला स्तर पर स्थापित नियंत्रण कक्ष से मतदान केंद्रों की गतिविधियों पर नजर रखी गई। अधिकारियों ने मतदान कर्मियों से जानकारी लेकर प्रक्रिया के सुचारू संचालन को लेकर आवश्यक निर्देश दिए। जिला प्रशासन की निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था के बीच जिले में मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गया। । इस दौरान चुनाव प्रेक्षक सह प्रमंडलीय आयुक्त मुंगेर प्रेम सिंह मीना, डीडीसी डॉक्टर नेहा कुमारी, नगर आयुक्त संतोष कुमार, अपर समाहर्ता डाॅ.बिनोद कुमार, अपर समाहर्ता आपदा प्रबंधन फिरोज अख्तर, उप निर्वाचन पदाधिकारी पवन कुमार, पुलिस उपाधीक्षक सद्दाम हुसैन के साथ पांच बुथ का औचक निरीक्षण किया । उपस्थित पदाधिकारी को दिशा निर्देश दिए ।अब चुनाव परिणाम का सभी को इंतजार है, जिसके बाद कोसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के निर्वाचित प्रतिनिधि की स्थिति स्पष्ट होगी।