सागर चंद्रा/ किशनगंज
मामूली विवाद में एक युवक की ब्रेक वायर से गला घोंटने और ब्लेड से वार कर घायल कर देने का मामला सामने आया है। सिमल बाड़ी के समीप घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी युवक मौके से भाग गया। जबकि मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों ने रूईधासा वार्ड नंबर 23 निवासी घायल जुनेद आलम पिता खुर्शीद अनवर को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया।
जहां इलाज के बाद पीड़ित मामले की शिकायत लेकर थाने पहुंच गया। पीड़ित के लिखित शिकायत पर टाउन थाने में रूईधासा निवासी आरोपी मुबस्सीर आलम पिता जमालउद्दीन के विरुद्ध केस दर्ज कर पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
वहीं पीड़ित ने बताया कि वह अपने दोस्तो के साथ सिमलबाड़ी घूमने गया था। वापस लौटने के दौरान मुबस्सीर उसके वाहन में सवार हो गया था। लेकिन सफर के दौरान दोनों के बीच विवाद उत्पन्न हो गया। मुबस्सीर ने ब्रेक वायर से पीड़ित का गला घोंट कर उसकी हत्या करने की कोशिश की और ब्लेड मार कर पीड़ित को गंभीर रूप से घायल कर दिया।