न्यूज लेमनचूस

Follow Us:

न्यूज लेमनचूस

टेढ़ागाछ में 2.50 ग्राम स्मैक के साथ एक युवक गिरफ्तार, इलेक्ट्रॉनिक तराजू व नोटबुक बरामद

किशनगंज /विजय कुमार साह

टेढ़ागाछ थाना क्षेत्र में पुलिस ने मादक पदार्थों की बिक्री के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के घर की तलाशी के दौरान 2.50 ग्राम स्मैक, एक इलेक्ट्रॉनिक तराजू और नोटबुक बरामद की है। मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की जा रही है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, 16 अक्टूबर 2026 को शाम करीब 7:15 बजे पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि झाला गांव में एक व्यक्ति अपने घर में स्मैक रखकर बेचने का काम करता है।

सूचना के आधार पर पुलिस ने वरीय अधिकारियों को अवगत कराया। इसके बाद दंडाधिकारी की मौजूदगी में पुलिस टीम कार्रवाई के लिए रवाना हुई। पुलिस टीम शाम करीब 7:25 बजे फुलबरिया हाट पहुंची। वहां से एक इलेक्ट्रॉनिक तराजू लेकर टीम झाला चौक के लिए रवाना हुई। शाम करीब 7:40 बजे झाला चौक पहुंचने के बाद पुलिस ने स्थानीय ग्रामीणों से पूछताछ की और सूचना के आधार पर अमित कुमार पासवान के घर पहुंची।


पुलिस को देखकर एक व्यक्ति भागने लगा, जिसे सशस्त्र बल के सहयोग से पकड़ लिया गया। पूछताछ में उसकी पहचान अमित कुमार पासवान (30 वर्ष), पिता स्वर्गीय दुर्गा पासवान, निवासी वार्ड संख्या 4, झाला, थाना टेढ़ागाछ, जिला किशनगंज के रूप में हुई।

इसके बाद पुलिस ने स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में आरोपी के घर की तलाशी ली। तलाशी के दौरान घर के टॉयलेट के पास दो साइकिल के नीचे रखे लोहे के एक छोटे बॉक्स से उजले रंग की पॉलीथिन में स्मैक जैसा पदार्थ और नोटबुक लिखा हुआ एक काले रंग का डिजिटल तराजू बरामद किया गया।

पुलिस द्वारा इलेक्ट्रॉनिक तराजू से वजन करने पर बरामद पदार्थ का वजन 2.50 ग्राम पाया गया। पुलिस ने बरामद पदार्थ, डिजिटल तराजू और नोटबुक को विधिवत जब्त कर लिया। इसके बाद आरोपी अमित कुमार पासवान को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने गिरफ्तारी की सूचना उसके परिजनों को दे दी है। इस संबंध में पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध मादक पदार्थ रखने एवं बेचने के आरोप में एनडीपीएस एक्ट के तहत विधिसम्मत कार्रवाई शुरू कर दी है।

Share this news

Leave a Comment