न्यूज लेमनचूस

Follow Us:

न्यूज लेमनचूस

जिला पदाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने नशा मुक्ति केंद्र, वन स्टॉप सेंटर का किया औचक निरीक्षण

किशनगंज:मंगलवार को जिला पदाधिकारी नवीन कुमार,पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार द्वारा भ्रमण कार्यक्रम के दौरान वन स्टॉप सेंटर एवं सदर अस्पताल, किशनगंज में अवस्थित नशा मुक्ति केंद्र का औचक निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने वन स्टॉप सेंटर कार्यालय में संचालित विभिन्न कार्यों, अभिलेखों के रख-रखाव, पत्रों के निष्पादन, कर्मियों की कार्यप्रणाली, काउंसलिंग हेतु व्यवस्था, कार्यालय में सभी प्रकार की लंबित कार्यों तथा कार्यालय की साफ-सफाई एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के क्रम में उन्होंने कार्यालय में संधारित सभी संचिकाओं एवं पंजीयों को निर्धारित इंडेक्स के अनुसार क्रमबद्ध एवं सुरक्षित रखने का निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि कार्यालय अभिलेख महत्वपूर्ण प्रशासनिक दस्तावेज होते हैं, इसलिए इनके रख-रखाव में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए ।

नशा मुक्ति केंद्र निरीक्षण के क्रम में उपलब्ध सुविधाओं, साफ-सफाई, मरीजों के लिए की गई व्यवस्थाओं तथा उपचार एवं परामर्श की व्यवस्था का जायजा लिया गया।

जिला पदाधिकारी ने संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों को नशा मुक्ति केंद्र में आने वाले मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा, आवश्यक परामर्श एवं समुचित उपचार उपलब्ध कराने तथा केंद्र की व्यवस्थाओं को सुचारू एवं सुव्यवस्थित रखने हेतु आवश्यक निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि नशे की लत से मुक्ति के लिए उपचार के साथ-साथ निरंतर परामर्श एवं परिवार का सहयोग भी अत्यंत महत्वपूर्ण है। नशा मुक्ति केंद्र के माध्यम से जरूरतमंद लोगों को बेहतर उपचार एवं परामर्श उपलब्ध कराया जाए, ताकि वे नशामुक्त होकर सामान्य जीवन की ओर लौट सकें।

इस अवसर पर अनुमंडल पदाधिकारी अनिकेत कुमार, जिला प्रोग्राम पदाधिकारी आईसीडीएस , सिविल सर्जन सहित संबंधित चिकित्सक एवं स्वास्थ्य विभाग के पदाधिकारी/कर्मी उपस्थित थें ।

Share this news

Leave a Comment