कटिहार कोर्ट – आगामी 12 सितंबर 2026 को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत के सफल आयोजन एवं अधिक से अधिक मामलों के निष्पादन को लेकर मंगलवार को व्यवहार न्यायालय कटिहार के सभाकक्ष में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकार द्वारा की गई।
बैठक में लोक अभियोजक, सहायक लोक अभियोजक,विशेष लोक अभियोजक, सरकारी अधिवक्ता एवं सहायक सरकारी अधिवक्ताओं के साथ राष्ट्रीय लोक अदालत में अधिक से अधिक वादों के निष्पादन को लेकर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया।बैठक में प्रधान जिला जज सह अध्यक्ष रणवीर सिंह ने उपस्थित अधिवक्ताओं को निर्देश दिया कि न्यायालय में आने वाले पक्षकारों को राष्ट्रीय लोक अदालत के माध्यम से अपने मामलों का आपसी सहमति एवं सुलह के आधार पर शीघ्र निष्पादन कराने के लिए प्रेरित करें।
उन्होंने कहा कि लोक अदालत मामलों के त्वरित एवं सरल समाधान का प्रभावी माध्यम है। बैठक में लोक अभियोजक जगदीश प्रसाद साह, मो. मंजर हुसैन, ब्रह्मदेव प्रसाद यादव, महानंद यादव, जय प्रकाश सिंह सहित सरकारी अधिवक्ता रूपेश कुमार, रामानंद गुप्ता एवं अन्य अधिवक्ता उपस्थित रहे।