रिसाव के बाद अलर्ट हुआ रेल प्रशासन
मनिहारी/कटिहार -गंगा के लगातार बढ़ते जलस्तर के बीच मनिहारी के सिंगल टोला रेलवे स्टेशन के समीप रेलवे ट्रैक पर खतरा मंडराने लगा है। बाढ़ के पानी के दबाव के बीच सिंगल टोला की ओर से गंगा का पानी रेलवे ट्रैक की तरफ रिसाव होने की स्थिति सामने आई है। इससे रेलवे ट्रैक की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।स्थिति को देखते हुए रेल प्रशासन अलर्ट मोड में है और लगातार निगरानी रखी जा रही है।
पानी के दबाव को नियंत्रित करने और ट्रैक की सुरक्षा के लिए मौके पर जियो बैग लगाकर बचाव कार्य कराया गया है।
रेलवे कर्मियों की टीम स्थिति पर नजर बनाए हुए है, ताकि जलस्तर बढ़ने की स्थिति में तत्काल आवश्यक कदम उठाया जा सके।गंगा के जलस्तर में लगातार हो रही वृद्धि के कारण आसपास के निचले इलाकों में भी पानी का दबाव बढ़ रहा है।
ऐसे में रेलवे ट्रैक की सुरक्षा प्रशासन और रेल विभाग के लिए बड़ी चुनौती बनी हुई है। फिलहाल ट्रैक को सुरक्षित रखने के लिए एहतियाती उपाय किए जा रहे हैं और स्थिति की लगातार निगरानी की जा रही है।