मनिहारी /कटिहार -गंगा के बढ़ते जलस्तर के बीच बाढ़ प्रभावित इलाकों में प्रशासन की सक्रियता बढ़ गई है। इसी क्रम में डीडीसी नेहा कुमारी ने मंगलवार को मनिहारी प्रखंड के सिंगल टोला पहुंचकर बाढ़ प्रभावित परिवारों की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने मौके पर संचालित कम्युनिटी किचन की व्यवस्थाओं को देखा और प्रभावित लोगों से बातचीत कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान डीडीसी ने बाढ़ प्रभावित परिवारों के बीच पॉलीथिन शीट का वितरण कराया, ताकि बारिश और बाढ़ के बीच लोगों को अस्थायी रूप से राहत मिल सके। वहीं दूषित पानी से होने वाली समस्याओं को देखते हुए लोगों को स्वच्छ पेयजल के इस्तेमाल को लेकर जागरूक किया गया। पानी को शुद्ध करने के लिए टैबलेट के उपयोग की जानकारी देते हुए बताया गया कि टैबलेट डालने के बाद करीब दो से ढाई घंटे तक पानी को रखने के बाद ही उसका उपयोग करें।
डीडीसी नेहा कुमारी ने बाढ़ की स्थिति को देखते हुए ग्रामीणों से सतर्क और अलर्ट रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि जलस्तर में वृद्धि के बीच किसी भी तरह की परेशानी होने पर स्थानीय प्रशासन को तत्काल सूचना दें।
साथ ही संबंधित पदाधिकारियों को प्रभावित परिवारों की जरूरतों पर लगातार नजर रखने और हर संभव सहायता उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।मौके पर एसडीएम त्रिलोकी नाथ सिंह, सीओ चंदन कुमार, पीएचसी प्रभारी इमरान आलम समेत कई पदाधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।