सड़क वर्गीकरण, एमआरएफ प्लांट, पीसीसी सड़क, पेभर ब्लॉक सहित सार्वजनिक कुएं-पोखरों के जीर्णोद्धार पर हुई चर्चा – नगर आयुक्त
कटिहार -कटिहार नगर निगम की सशक्त स्थायी समिति की महत्वपूर्ण बैठक मंगलवार को नगर निगम के प्रशाल भवन में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता नगर निगम की महापौर ऊषा देवी अग्रवाल ने की। बैठक में शहर के विकास,आधारभूत संरचना एवं नागरिक सुविधाओं से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में उपमहापौर मंजूर खान एवं नगर आयुक्त संतोष कुमार सहित सशक्त स्थायी समिति के सदस्य बिपीन बिहारी चौबे, जिमी प्रकाश, प्रमोद महतो, आलोक कुमार, नितेश कुमार सिंह, मंजू देवी एवं सलीम अंसारी उपस्थित रहे। बैठक की शुरुआत पूर्व बैठक की कार्यवाही की संपुष्टि के साथ हुई। इसके बाद विभागीय पत्र संख्या 2762, दिनांक 10 अगस्त 2026 के आलोक में सड़क वर्गीकरण एवं 27 कोष्ठक दर निर्धारित करने से संबंधित प्रस्ताव पर चर्चा की गई।
नगर आयुक्त संतोष कुमार ने बताया कि बैठक में उदामारखा स्थित बस पड़ाव एवं एमआरएफ प्लांट के बीच चहारदीवारी निर्माण के लिए प्रशासनिक स्वीकृति के प्रस्ताव पर भी विचार किया गया। साथ ही एमआरएफ प्लांट में कंपोस्ट के लिए आरसीसी प्लेटफॉर्म निर्माण हेतु प्रशासनिक स्वीकृति पर चर्चा हुई।इसके अलावा वार्ड संख्या-05 स्थित अनुमंडल कार्यालय परिसर में पीसीसी सड़क एवं पेभर ब्लॉक निर्माण से संबंधित प्रशासनिक स्वीकृति के प्रस्ताव पर भी समिति ने विचार-विमर्श किया।
उन्होंने कहा कि शहर में जलस्रोतों के संरक्षण और जीर्णोद्धार को लेकर सार्वजनिक कुओं एवं पोखरों का नगर निगम के आंतरिक संसाधन से जीर्णोद्धार कराने के प्रस्ताव पर भी चर्चा की गई। बैठक में अध्यक्ष की अनुमति से अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर भी विचार-विमर्श किया गया।सशक्त स्थायी समिति की बैठक में विकास कार्यों एवं नागरिक सुविधाओं से जुड़े विभिन्न प्रस्तावों पर हुई चर्चा से शहर में सड़क, स्वच्छता, जलस्रोत संरक्षण एवं आधारभूत संरचना से संबंधित योजनाओं को गति मिलने की उम्मीद है। बैठक के दौरान नगर निगम क्षेत्र के समग्र विकास और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने को लेकर आवश्यक बिंदुओं पर चर्चा की गई।