किशनगंज /प्रतिनिधि
जिला पदाधिकारी नवीन कुमार के निर्देशानुसार जिले भर में सड़क सुरक्षा के मद्देनजर लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में ट्रक एवं जुगाड़ वाहनों की विशेष जांच की जा रही है।
मालूम हो कि परिवहन विभाग द्वारा जिले में सड़क सुरक्षा एवं परिवहन नियमों के अनुपालन हेतु विशेष जांच अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान जिला परिवहन विभाग के पदाधिकारियों द्वारा विभिन्न जगहों पर कुल 97 वाहनों की जांच की गई। जांच के दौरान नियमों का उल्लंघन करते पाए गए वाहनों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की गई।
उपलब्ध विवरण के अनुसार इस तीन दिवसीय कार्रवाई के दौरान 32 वाहनों से कुल 4,43,500 रुपये जुर्माने के रूप में वसूला गया, जबकि नियमों का गंभीर उल्लंघन करने वाले कुल 06 वाहनों को जब्त किया गया है।
प्रशासन ने बताया कि यह अभियान मुख्य रूप से ओवरलोडिंग, बिना वैध कागजात, बिना फिटनेस, बिना परमिट, ओवर स्पीड और सड़क सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करने वाले ट्रकों और अवैध रूप से संचालित जुगाड़ वाहनों के विरुद्ध चलाया गया था। जुगाड़ वाहनों के कारण आए दिन सड़क दुर्घटनाएं हो रही हैं, जिसे देखते हुए डीएम के सख्त निर्देश पर कार्रवाई की गई।
जिला प्रशासन ने सभी वाहन मालिकों और चालकों से अपील की है कि वे परिवहन नियमों का पालन करें, वैध कागजात के साथ ही वाहन का परिचालन करें और सड़क सुरक्षा नियमों का उल्लंघन न करें। अन्यथा आगे भी इसी प्रकार सघन जांच अभियान जारी रहेगा और उल्लंघन करने वालों पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।