न्यूज लेमनचूस

Follow Us:

न्यूज लेमनचूस

पर्युषण महापर्व का शुभारंभ,पहला दिन खाद्य संयम दिवस के रूप में मनाया गया

किशनगंज:जैन धर्म के पर्वाधिराज पर्युषण महापर्व का मंगलवार को शुभारंभ हुआ। आठ दिवसीय इस आध्यात्मिक अनुष्ठान के प्रथम दिन को खाद्य संयम दिवस के रूप में मनाया गया।


स्थानीय तेरापंथ भवन में आचार्य महाश्रमण की अनुकम्पा से आए उपासक महावीर दुगड़ एवं झब्बर दुगड़ के सानिध्य में ज्ञान, ध्यान, त्याग और तप की साधना कराई जा रही है।
पर्युषण महापर्व को जैन धर्म में पर्वों का राजा यानी ‘पर्वाधिराज’ कहा जाता है। यह आत्मशुद्धि, आत्मनिरीक्षण और आध्यात्मिक चेतना का आठ दिवसीय अनुष्ठान है। इस दौरान श्रद्धालु खान-पान में संयम, व्रत, उपवास, जप और स्वाध्याय के माध्यम से आत्मसाधना करते हैं।


खाद्य संयम दिवस पर प्रवचन में उपासक महावीर दुगड़ ने स्वस्थ जीवन के लिए संतुलित और ऋतु के अनुकूल भोजन करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि भोजन की मात्रा और गुणवत्ता पर नियंत्रण, गरिष्ठ एवं अपाच्य खाद्य पदार्थों का त्याग, एकाशन, उपवास और रसाहार का त्याग शरीर को स्वस्थ रखने के साथ इच्छाओं पर नियंत्रण में भी सहायक है। उन्होंने कहा कि धर्म का मूल मंत्र अहिंसा और संयम है।


पर्युषण के आठ दिनों में प्रतिदिन विशेष साधना और आध्यात्मिक चेतना का जागरण किया जाता है। आज के तनावपूर्ण और भौतिकवादी दौर में यह पर्व मनुष्य को भीतर की शांति, क्षमा, संयम और अहिंसा का संदेश देता है।
पर्युषण पर्व के प्रथम दिन तेरापंथ भवन में विभिन्न संस्थाओं के पदाधिकारी, सदस्य और श्रावक समाज के लोगों की अच्छी उपस्थिति रही।

Share this news

Leave a Comment