न्यूज लेमनचूस

Follow Us:

न्यूज लेमनचूस

नशीली दवा के काले कारोबार का किशनगंज कनेक्शन उजागर, बंगाल पुलिस ने दो दवा कारोबारियों को दबोचा

शहर के एक दवा दुकान में बंगाल व बिहार पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, भारी मात्रा में नशीली दवा की खेप बरामद

मंजू ड्रग्स के मिणल कुमार साहा और सुभाष तमांग गिरफ्तार

सागर चंद्रा /किशनगंज

नशीली दवा खरीद बिक्री के आरोप में पुलिस ने शहर के डांगी बस्ती स्थित मंजू ड्रग्स नामक दुकान में छापेमारी की। सोमवार शाम टाउन थाना और बंगाल पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में नशीली दवाओं की भारी खेप बरामद की गई। पुलिस ने मौके से दुकान संचालक डांगी बस्ती निवासी मिणल कुमार साहा ,(52) पिता प्रहलाद प्रसाद साहा और सुभाष कुमार तमांग (47) पिता राम बहादुर तमांग को गिरफ्तार कर थाने ले आई। बताया जाता है कि पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने नशीली दवा के काले कारोबार में लिप्त शहर के कुछ सफेदपोशों के नामों का खुलासा किया है। जिनकी गतिविधियों की पुलिस जांच कर रही है।

पूछताछ के बाद बंगाल ले गई पुलिस

बहरहाल गिरफ्तार दोनों आरोपियों से आवश्यक पूछताछ के बाद देर रात बंगाल पुलिस उन्हें अलीपुरद्वार जिले के बीरपाड़ा लेकर चली गई। मंगलवार को गिरफ्तार दोनों आरोपियों को अलीपुरद्वार न्यायालय में पेश किया गया है। न्यायालय के आदेश पर पुलिस अग्रतर कार्रवाई में जुट गई है। इधर घटना के बाद शहर में चर्चा का बाजार गर्म हो गया है। स्थानीय लोग मामले को लेकर तरह तरह के कयास लगा रहे हैं। जबकि आरोपियों के द्वारा नामों का खुलासा किए जाने के बाद सफेदपोश फिल्हाल भूमिगत हो गए हैं।

25 अगस्त को कार से बरामद हुई थी 38,400 ट्रामाडोल टैबलेट

बताते चलें कि गत 25 अगस्त को बीरपाड़ा पुलिस ने नशीली दवा की तस्करी की सूचना पर वाहन चेकिंग तेज कर दी थी। इसी दौरान बंगाल पुलिस ने डब्ल्यू बी 74 एम 3312 नंबर की स्विफ्ट कार को संदेह के आधार पर रोका। तलाशी लेने पर कार से ट्रामाडोल हाइड्रोक्लोराइड के 38,400 टैबलेट बरामद किया था। पुलिस ने कार सवार पगली खास लंका पाड़ा, बीरपाड़ा निवासी अमर बहादुर क्षेत्री (41) पिता भीम बहादुर क्षेत्री को गिरफ्तार किया था। मामले को लेकर बीरपाड़ा थाने में एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत कांड संख्या 151/26 दर्ज की गई थी। गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ के दौरान नशीली दवा का किशनगंज कनैक्शन उजागर हुआ था।

अमर बहादुर के खुलासे पर किशनगंज पहुंची बंगाल पुलिस

आरोपी अमर बहादुर के खुलासे के बाद सोमवार को एस आई दिलवर हुसैन के नेतृत्व में गठित चार सदस्यीय बीरपाड़ा पुलिस की टीम किशनगंज पहुंची। बंगाल पुलिस ने टाउन थाना पुलिस की मदद से डांगी बस्ती स्थित मंजू ड्रग्स में छापेमारी की। छापेमारी के दौरान भारी मात्रा में नशीली दवा की खेप बरामद कर मिणल कुमार साहा और सुभाष कुमार तमांग को गिरफ्तार कर लिया गया।

क्या है ट्रामाडोल हाइड्रोक्लोराइड टैबलेट

ट्रामाडोल हाइड्रोक्लोराइड टैबलेट का उपयोग वयस्कों में मध्यम से गंभीर दर्द को ठीक करने के लिए किया जाता है, जब अन्य साधारण दर्द निवारक दवाएं असर नहीं करती है तब जाकर चिकित्सक इस दवा के इस्तेमाल की इजाजत देते हैं।यह दवा मस्तिष्क में दर्द के संकेतों को ब्लॉक कर देती है। जिससे शरीर को दर्द का अहसास कम होता है। इसके उपयोग से चक्कर आना, नींद आना, जी मिचलाना या कब्ज जैसी समस्याएं हो सकती हैं।

दवा के इस्तेमाल के बाद गहरी नींद आने के कारण अब इसका इस्तेमाल नशीली दवा के रूप में किया जाने लगा है। लेकिन आम दवा दुकानों में चिकित्सक की पर्ची के बगैर दवा नहीं दी जाती है। जिसका फायदा नशीली दवा के कारोबारी उठाने लगे हैं। नशे की पूर्ति के लिए कारोबारी इस दवा को ऊंची कीमत पर बेच कर मोटा मुनाफा कमा रहा है।

Share this news

Leave a Comment