संवाददाता/किशनगंज
कोचाधामन विधान सभा सीट से पूर्व विधायक मुजाहिद आलम ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा करते हुए मलेशिया में सीमांचल क्षेत्र के करीब 20-25 युवकों की गिरफ्तारी का दावा किया है। पूर्व विधायक के मुताबिक, गिरफ्तार युवकों में रौटा थाना क्षेत्र के काछटोला-शीशाबाड़ी निवासी नासिक भी शामिल हैं।
मुजाहिद आलम ने सोशल मीडिया पर कथित गिरफ्तारी का वीडियो साझा करते हुए कहा कि मलेशियन पुलिस और इमिग्रेशन विभाग ने उन युवकों को उस स्थान से गिरफ्तार किया, जहां वे काम कर रहे थे। उनके अनुसार, युवकों की गिरफ्तारी बिना वैध वीजा के मलेशिया में काम करने के आरोप में हुई है।
सात महीने पहले मलेशिया भेजने का आरोप
पूर्व विधायक ने दावा किया कि गिरफ्तार युवक उन करीब 40 युवकों में शामिल हैं, जिन्हें लगभग सात महीने पहले नाहिद गनी के माध्यम से मलेशिया भेजा गया था। उन्होंने आरोप लगाया कि युवकों से इसके लिए मोटी रकम ली गई थी और कई युवकों ने कर्ज लेकर विदेश जाने के लिए पैसे दिए थे।
उन्होंने कहा कि करीब पांच दिन पहले भी इनमें से कुछ युवकों ने जंगल में छिपकर वीडियो कॉल के माध्यम से अपनी परेशानी बताई थी। पूर्व विधायक के अनुसार, इमिग्रेशन की कार्रवाई के डर से युवक जंगल में छिपे हुए थे।
‘इन युवकों का कसूर क्या है?’
मुजाहिद आलम ने कहा कि इन युवकों का आखिर कसूर क्या है? उन्होंने आरोप लगाया कि युवकों ने बेहतर रोजगार की उम्मीद में कर्ज लेकर रकम दी, लेकिन अब उन्हें मलेशिया में जेल जाने की स्थिति का सामना करना पड़ रहा है।
पूर्व विधायक ने नाहिद गनी पर कथित तौर पर युवकों के साथ धोखाधड़ी और आर्थिक शोषण के गंभीर आरोप लगाते हुए मामले की जिम्मेदारी तय करने की मांग की। साथ ही उन्होंने सवाल उठाया कि जो लोग हक और इंसाफ की बात करने का दावा करते हैं, वे इस मामले पर खामोश क्यों हैं।गौरतलब हो कि बीते दिनों नाहिद गनी द्वारा कोचाधामन और अमौर के 7 युवकों को दुबई भेजा गया था जहां से युवक किसी तरह घर पहुंचे थे।श्री आलम ने कहा कि जब उन्होंने नाहिद गनी के खिलाफ आवाज उठाई तो उनके समर्थकों की ओर से उन्हें सोशल मीडिया पर ट्रोल किया गया।
हालांकि, मलेशिया में युवकों की गिरफ्तारी और नाहिद गनी पर लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र या आधिकारिक पुष्टि फिलहाल नहीं हुई है।गौरतलब हो कि नाहिद गनी असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी एएआईएमआईएम का नेता है और कई वर्षों से टूर एंड ट्रैवल एजेंसी चलाता है।इससे पहले भी नाहिद गनी के कई मामले उजागर हो चुके हैं ।इधर गिरफ्तारी का वीडियो वायरल होने के बाद परिजनों की चिंता बढ़ गई है ।देखने वाली बात होगी कि आगे इस मामले में क्या कारवाई होती है।