न्यूज लेमनचूस

Follow Us:

न्यूज लेमनचूस

नेत्रदान के संकल्प से रोशन होगी किसी की दुनिया

श्रीडूंगरगढ़ में जागरूकता अभियान, चिकित्सक ने लिया नेत्रदान का संकल्प; राष्ट्रीय स्तर पर 2000 पार हुआ आंकड़ा

श्रीडूंगरगढ़:मृत्यु के बाद किसी की अंधेरी दुनिया में रोशनी भरने के संकल्प के साथ तेरापंथ युवक परिषद् श्रीडूंगरगढ़ ने नेत्रदान जागरूकता अभियान चलाया। अखिल भारतीय तेरापंथ युवक परिषद् के ‘Vision for Visionless 2.0’ अभियान के तहत चल रहे राष्ट्रीय नेत्रदान पखवाड़े के अंतिम दिन मंगलवार को श्री बेगराज सोमानी राजकीय नेत्र चिकित्सालय में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। अभियान के तहत राष्ट्रीय स्तर पर नेत्रदान संकल्प का आंकड़ा 2000 के पार पहुंच गया है।

कार्यक्रम के दौरान चिकित्सालय में कार्यरत डॉ. सुनील गोयल ने नेत्रदान के महत्व को समझते हुए स्वयं नेत्रदान का संकल्प लिया। उन्होंने लोगों से भी इस पुनीत कार्य के लिए आगे आने और समाज में जागरूकता फैलाने का आह्वान किया।

तेरापंथ युवक परिषद् के अध्यक्ष विक्रम मालू और नेत्रदान प्रवृत्ति सलाहकार अशोक झाबक ने नेत्रदान से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी साझा की। उन्होंने कहा कि मृत्यु के बाद किया गया नेत्रदान किसी जरूरतमंद के जीवन में दृष्टि का उजाला ला सकता है। उन्होंने नेत्रदान को लेकर समाज में व्याप्त भ्रांतियों और शंकाओं को दूर करते हुए अधिक से अधिक लोगों को इस मानवीय अभियान से जुड़ने की अपील की।

परिषद् के कोषाध्यक्ष चमन श्रीमाल ने छोटे से प्रयोग के माध्यम से उपस्थित लोगों को नेत्रदान की आवश्यकता और इससे जुड़ी भ्रांतियों को सरल तरीके से समझाया। कार्यक्रम के दौरान श्री बेगराज सोमानी राजकीय नेत्र चिकित्सालय का सम्मान कर मरीजों को दी जा रही महत्वपूर्ण नेत्र चिकित्सा सेवाओं के लिए चिकित्सकों एवं पूरी टीम के प्रति आभार जताया गया।

इस अवसर पर परिषद् के उपाध्यक्ष रजत सिंघी, रोशन सिंघी, शुभम बोथरा सहित परिषद् के कार्यकर्ता और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। उपस्थित लोगों ने स्वयं नेत्रदान का संकल्प लेने के साथ परिवार, मित्रों और समाज के अन्य लोगों को भी इस अभियान से जोड़ने का संकल्प लिया।

‘नेत्रदान करें—मृत्यु के बाद भी किसी की दुनिया रोशन करें’ के संदेश के साथ परिषद् ने नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में नेत्रदान का संकल्प लेने की अपील की। ऑनलाइन संकल्प पत्र भरकर भी अभियान से जुड़ा जा सकता है। फॉर्म भरते समय परिषद् के विकल्प में ‘श्रीडूंगरगढ़’ का चयन करना होगा।

Share this news

Leave a Comment