न्यूज लेमनचूस

Follow Us:

न्यूज लेमनचूस

आजादी के बाद भी सड़क की बदहाली: गिल्हनी से तेघरिया तक 3 किमी कच्ची सड़क बनी परेशानी का सबब

किशनगंज /विजय कुमार साह

टेढ़ागाछ प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत बैगना पंचायत के वार्ड संख्या एक स्थित गिल्हनी गांव से तेघरिया जाने वाली करीब तीन किलोमीटर लंबी कच्ची सड़क आजादी के दशकों बाद भी पक्की सड़क का इंतजार कर रही है। सड़क की जर्जर एवं बदहाल स्थिति के कारण स्थानीय ग्रामीणों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। खासकर बरसात के दिनों में सड़क पर कीचड़ एवं जलजमाव होने से स्थिति और भी गंभीर हो जाती है।


ग्रामीणों के अनुसार, गिल्हनी से तेघरिया के बीच वर्षों से सड़क की स्थिति खराब है। कई स्थानों पर सड़क पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है। इसके अलावा बीच में सड़क कट जाने के कारण आवागमन बाधित रहता है। ग्रामीणों का कहना है कि इस समस्या को लेकर सांसद, विधान पार्षद, विधायक एवं जिला पदाधिकारी सहित संबंधित विभाग के अधिकारियों को दर्जनों बार अवगत कराया जा चुका है, लेकिन अब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका है।

सड़क की बदहाली का सबसे अधिक असर स्कूली छात्र-छात्राओं पर पड़ रहा है। उन्हें विद्यालय आने-जाने के साथ-साथ प्रखंड मुख्यालय, जिला मुख्यालय एवं आसपास के बाजारों तक पहुंचने में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। आपात स्थिति में मरीजों को अस्पताल ले जाने में भी परेशानी होती है।

स्थानीय ग्रामीण करमचंद सिंह, राजकुमार सिंह, अनिल कुमार सिंह, श्यामलाल मांझी, रूपचंद हरिजन, गणेश प्रसाद सिंह, नारायण मांझी, प्रेमलाल हरिजन एवं करण लाल सिंह सहित दर्जनों लोगों ने संबंधित विभाग एवं जिला पदाधिकारी से गिल्हनी- तेघरिया मार्ग का शीघ्र पक्कीकरण कराने तथा कटे हुए स्थान पर आरसीसी पुल का निर्माण कराने की मांग की है।

Share this news

Leave a Comment