टेढ़ागाछ /विजय कुमार साह
टेढ़ागाछ प्रखंड मुख्यालय स्थित बीडीओ कार्यालय कक्ष में मंगलवार को बीडीओ अजय कुमार की अध्यक्षता में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत संरचनाओं एवं परिसंपत्तियों को सुदृढ़ करने तथा नई परिसंपत्तियों के सृजन को लेकर विशेष अभियान की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में बीपीआरओ विवेक भारती, प्रभारी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी अनिल कुमार शर्मा, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. प्रमोद कुमार, पंचायत सचिव बाल कृष्ण पासवान, विकास परियोजना पदाधिकारी, मनरेगा कर्मी एवं विभिन्न पंचायतों के मुखिया उपस्थित रहे।बैठक में बताया गया कि राज्य सरकार द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में पूर्व से अवस्थित आधारभूत संरचनाओं एवं परिसंपत्तियों को सुदृढ़ करने तथा आवश्यकतानुसार नई परिसंपत्तियों का निर्माण कराने के लिए शीघ्र ही विशेष अभियान चलाया जाना प्रस्तावित है।
इसके तहत ग्राम पंचायतवार प्राथमिकता के आधार पर विकास योजनाओं को चिन्हित किया जाएगा।
योजनाओं में विद्यालयों का सुदृढ़ीकरण एवं नवनिर्माण, आंगनबाड़ी केंद्रों का सुदृढ़ीकरण, उन्नयन एवं नवनिर्माण, सामुदायिक भवनों का सुदृढ़ीकरण एवं उन्नयन, स्वास्थ्य उपकेंद्रों का सुदृढ़ीकरण, उन्नयन एवं नवनिर्माण सहित अन्य अत्यावश्यक एवं महत्वपूर्ण योजनाएं शामिल हैं।
निर्देश दिया गया कि प्रत्येक ग्राम पंचायत में प्राथमिकता के आधार पर लगभग 10 योजनाओं का चयन किया जाए। साथ ही, नवनिर्माण से संबंधित किसी भी योजना को चिन्हित करने से पहले यह सुनिश्चित करना अनिवार्य होगा कि संबंधित योजना के लिए पर्याप्त एवं उपयुक्त भूमि उपलब्ध है।बताया गया कि इस अभियान के लिए जिला स्तर पर उप विकास आयुक्त को नोडल पदाधिकारी बनाया गया है, जबकि प्रखंड स्तर पर बीडीओ नोडल पदाधिकारी के रूप में कार्य करेंगे।
योजनाओं के चयन एवं संबंधित प्रतिवेदन तैयार करने की प्रक्रिया अगले तीन-चार दिनों में पूरी करने का निर्देश दिया गया। तैयार प्रतिवेदन को निर्धारित प्रपत्र में रखा जाएगा, ताकि पोर्टल का लिंक उपलब्ध होने के बाद योजनाओं की जानकारी ऑनलाइन अपलोड की जा सके।
बैठक में अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों से पंचायतों की वास्तविक आवश्यकता के अनुरूप योजनाओं का प्राथमिकता के आधार पर चयन करने पर जोर दिया गया।