टेढ़ागाछ/विजय कुमार साह
किशनगंज जिला पदाधिकारी नवीन कुमार के निर्देश पर जिले में अवैध रूप से संचालित नर्सिंग होम एवं निजी स्वास्थ्य संस्थानों के खिलाफ जांच अभियान तेज कर दिया गया है। इसी क्रम में मंगलवार को टेढ़ागाछ प्रखंड मुख्यालय के समीप सीमा सड़क के किनारे स्थित जीवन दीप नर्सिंग होम का प्रशासनिक एवं स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त टीम ने निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान प्रखंड विकास पदाधिकारी अजय कुमार, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. प्रमोद कुमार तथा थानाध्यक्ष मो० दिलशाद खा मौजूद रहे। टीम ने नर्सिंग होम में उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं, पंजीकरण, चिकित्सकीय व्यवस्था, आवश्यक दस्तावेज एवं अन्य निर्धारित मानकों की जांच की। प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. प्रमोद कुमार ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग के निर्देश पर जीवन दीप नर्सिंग होम का निरीक्षण किया गया।
जांच के दौरान नर्सिंग होम बिना आवश्यक पंजीकरण के संचालित पाया गया। निरीक्षण के समय वहां चिकित्सक एवं नर्स भी मौजूद नहीं थे। इसके अलावा नर्सिंग होम में स्वास्थ्य विभाग की निर्धारित गाइडलाइन के अनुरूप आवश्यक व्यवस्थाएं भी नहीं पाई गईं। उन्होंने बताया कि जांच के दौरान सामने आए तथ्यों एवं कमियों की विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर जिला सिविल सर्जन को भेजी जाएगी।
रिपोर्ट के आधार पर संबंधित नर्सिंग होम के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। बताया गया कि जिला पदाधिकारी नवीन कुमार ने जिले में अवैध नर्सिंग होम के संचालन की मिल रही शिकायतों को गंभीरता से लिया है। गलत तरीके से इलाज किए जाने के कारण मरीजों की जान को खतरा उत्पन्न होने की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने ऐसे संस्थानों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
प्रशासन की ओर से स्पष्ट किया गया है कि बिना वैध पंजीकरण अथवा निर्धारित मानकों का पालन किए संचालित पाए जाने वाले नर्सिंग होम एवं स्वास्थ्य संस्थानों की जांच कर नियमों के तहत कठोर कार्रवाई की जाएगी। इससे अवैध स्वास्थ्य कारोबार पर अंकुश लगाने तथा मरीजों को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में प्रशासनिक प्रयास तेज होने की उम्मीद है।