डॉ. कलाम कृषि महाविद्यालय किशनगंज के लिए आज का दिन एक महत्वपूर्ण एवं गौरवपूर्ण उपलब्धि के रूप में दर्ज हुआ, जब महाविद्यालय परिसर में एनसीसी बटालियन-34 के गठन की प्रक्रिया सफलतापूर्वक संपन्न हुई। एनसीसी में शामिल होने के लिए महाविद्यालय के विद्यार्थियों में विशेष उत्साह एवं जोश देखने को मिला।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. के. सत्यनारायणन के कुशल नेतृत्व एवं दिशा-निर्देशन में आयोजित इस चयन प्रक्रिया में विद्यार्थियों की शारीरिक दक्षता, अनुशासन, क्षमता एवं निर्धारित मानकों के अनुरूप विभिन्न स्तरों पर जांच की गई। चयन प्रक्रिया को व्यवस्थित एवं सफलतापूर्वक संपन्न कराने में एनसीसी प्रभारी डॉ. मुकुल कुमार तथा डॉ. आद्ययंत कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

एनसीसी कैडेट्स के चयन के लिए आयोजित शारीरिक दक्षता परीक्षण में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विभिन्न प्रकार की शारीरिक जाँच एवं दक्षता परीक्षाएँ, जैसे—दौड़, लंबी कूद, ऊँची कूद, पुश-अप, सिट-अप, शारीरिक सहनशक्ति एवं अन्य आवश्यक शारीरिक दक्षता परीक्षण सहित विभिन्न निर्धारित मानकों एवं प्रक्रियाओं के आधार पर अभ्यर्थियों की योग्यता का आकलन किया गया। प्रत्येक चरण में विद्यार्थियों की शारीरिक क्षमता, सहनशक्ति, चुस्ती-फुर्ती एवं अनुशासन को विशेष रूप से परखा गया।
विभिन्न चरणों में आयोजित चयन प्रक्रिया के उपरांत कुल 34 विद्यार्थियों का अंतिम रूप से एनसीसी कैडेट्स के रूप में चयन किया गया। चयनित विद्यार्थियों में एनसीसी के प्रति अभूतपूर्व उत्साह देखने को मिला। विद्यार्थियों ने एनसीसी के माध्यम से राष्ट्रसेवा, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता एवं सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को मजबूत करने का संकल्प लिया।
चयन प्रक्रिया को जेसीओ, सिकंदर कुमार एवं उनके सहयोगी दल द्वारा निर्धारित नियमों एवं मानकों के अनुरूप निष्पक्ष, पारदर्शी एवं अनुशासित तरीके से संपन्न कराया गया। उनके मार्गदर्शन एवं सहयोग से चयन प्रक्रिया व्यवस्थित रूप से पूर्ण हुई।
इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. के. सत्यनारायणन ने चयनित सभी विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि महाविद्यालय में एनसीसी बटालियन-35 का गठन विद्यार्थियों के सर्वांगीण व्यक्तित्व विकास, नेतृत्व क्षमता, अनुशासन एवं राष्ट्रभक्ति की भावना को विकसित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। एनसीसी विद्यार्थियों को न केवल शारीरिक एवं मानसिक रूप से मजबूत बनाता है, बल्कि उनमें जिम्मेदारी, आत्मविश्वास और राष्ट्र के प्रति समर्पण की भावना भी विकसित करता है।
एनसीसी प्रभारी डॉ. मुकुल कुमार ने कहा कि महाविद्यालय में एनसीसी की स्थापना विद्यार्थियों के लिए एक नया अवसर लेकर आई है। इसके माध्यम से विद्यार्थी अनुशासन, नेतृत्व, टीम भावना, साहस एवं राष्ट्रसेवा जैसे महत्वपूर्ण जीवन-मूल्यों को व्यवहारिक रूप से सीख सकेंगे। उन्होंने चयन प्रक्रिया को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी अधिकारियों, शिक्षकों, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया। डॉ. अद्यंत कुमार ने भी चयनित कैडेट्स को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि एनसीसी का प्रशिक्षण विद्यार्थियों को भविष्य में जिम्मेदार, अनुशासित एवं राष्ट्र के प्रति समर्पित नागरिक बनने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
महाविद्यालय परिवार ने एनसीसी बटालियन-35 के गठन एवं चयन प्रक्रिया के सफल आयोजन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए सभी 34 चयनित कैडेट्स को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।