न्यूज लेमनचूस

Follow Us:

न्यूज लेमनचूस

BiharNews:बहादुरपुर BDO के ठिकानों पर EOU की दबिश, 1.71 करोड़ की कथित अतिरिक्त संपत्ति का मामला

राज्य में भ्रष्ट अधिकारियों के खिलाफ आर्थिक अपराध इकाई द्वारा लगातार कारवाई की जा रही है।मालूम हो कि  भ्रष्टाचार के खिलाफ आर्थिक अपराध इकाई (EOU) ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए दरभंगा के बहादुरपुर प्रखंड के BDO आनंद कुमार विभूति के पांच ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के मामले में हुई इस कार्रवाई से प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है।

EOU के अनुसार, BDO के खिलाफ ज्ञात आय से 1 करोड़ 71 लाख 84 हजार रुपये अधिक संपत्ति अर्जित करने का मामला दर्ज किया गया है। यह राशि उनकी आय के ज्ञात स्रोत से करीब 121.87 प्रतिशत अधिक बताई जा रही है। इसी मामले में जांच एजेंसी ने सर्च वारंट के आधार पर अलग-अलग टीमों को पांच ठिकानों पर भेजा।

दरभंगा से पटना और मुजफ्फरपुर तक कार्रवाई

रिपोर्टों के मुताबिक EOU की टीम ने दरभंगा के बहादुरपुर स्थित सरकारी कार्यालय और जनकपुरी/सैदनगर स्थित आवास, मुजफ्फरपुर के अहियापुर स्थित निजी आवास, पूर्वी चंपारण के चिरैया स्थित पैतृक आवास तथा पटना के दानापुर के आशोपुर स्थित फ्लैट पर एक साथ तलाशी शुरू की।

दरभंगा में जनकपुरी स्थित किराए के आवास पर EOU की टीम सुबह पहुंची। आवास के बाहर पुलिस की तैनाती की गई है और किसी बाहरी व्यक्ति को अंदर जाने की अनुमति नहीं दी जा रही है। यहां BDO की पत्नी से भी पूछताछ किए जाने की जानकारी सामने आई है।

छापे की भनक लगते ही BDO के गायब होने की चर्चा

स्थानीय रिपोर्टों के अनुसार, मंगलवार सुबह BDO घर से कुछ सामान लाने के लिए निकले थे। इसी दौरान उन्हें अपने आवास पर EOU की कार्रवाई की जानकारी मिली। इसके बाद उनके मौके पर नहीं पहुंचने की बात सामने आई है। हालांकि, इस संबंध में आधिकारिक तौर पर विस्तृत जानकारी का इंतजार है।

कांटी में तैनाती के दौरान भी जांच के इनपुट

आनंद कुमार विभूति इससे पहले मुजफ्फरपुर के कांटी प्रखंड में BDO के पद पर तैनात रह चुके हैं। मीडिया रिपोर्टों में उनके कांटी कार्यकाल से जुड़े वित्तीय अनियमितताओं के इनपुट का भी उल्लेख किया गया है। EOU अब संपत्ति, बैंक खातों, जमीन-जायदाद, निवेश और वित्तीय लेनदेन से जुड़े दस्तावेजों को खंगाल रही है।

फिलहाल सभी संबंधित ठिकानों पर छापेमारी और दस्तावेजों की जांच जारी है। क्या-क्या बरामद हुआ और कथित अतिरिक्त संपत्ति का पूरा ब्योरा क्या है, इसकी आधिकारिक जानकारी जांच पूरी होने के बाद सामने आने की उम्मीद है।

Share this news

Leave a Comment