1. बगहा में गर्भवती महिला के लिए देवदूत बने एसएसबी जवान
बगहा के नौरंगिया दोन में प्रसव पीड़ा से जूझ रही गर्भवती महिला को SSB जवानों ने विशेष 4×4 एंबुलेंस से 18 किलोमीटर दूर हरनाटांड अस्पताल पहुंचाया। दुर्गम जंगल और नदी-नालों के बीच जवानों को हरहा-भापसा नदी करीब 16 बार पार करनी पड़ी। समय पर अस्पताल पहुंचने से महिला को इलाज मिल सका। न्यूज लेमनचूस
2. मुजफ्फरपुर में कंटेनर से 375 कार्टन शराब बरामद
मैथी टोल प्लाजा के पास उत्पाद विभाग ने राजस्थान नंबर के कंटेनर से पंजाब निर्मित 375 कार्टन शराब बरामद की। तस्करी के लिए कंटेनर में लोहे की चादर लगाकर विशेष जगह बनाई गई थी। हरियाणा निवासी चालक कुलदीप और उपचालक रामचरण गिरफ्तार, स्थानीय तस्करों की तलाश जारी।
3. खगड़िया में गंगा उफान पर, 1.60 लाख लोग बाढ़ से प्रभावित
खगड़िया में गंगा खतरे के निशान से ऊपर बह रही है। परबत्ता, मानसी, गोगरी और सदर प्रखंड के कई इलाके बाढ़ की चपेट में हैं। मथार दियारा में घरों में पानी घुसने से लोग छतों और ऊंचे स्थानों पर शरण लेने को मजबूर हैं। प्रशासन ने 122 नाव और 32 सामुदायिक रसोई संचालित की हैं।न्यूज लेमनचूस
4. मोकामा-बख्तियारपुर फोरलेन पर भीषण हादसा, तीन की मौत
पटना-खगड़िया लौट रहे कार सवार तीन लोगों की मोकामा-बख्तियारपुर फोरलेन पर दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों में दो पुरुष और एक महिला शामिल हैं। कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, जिसके बाद काटकर तीनों शव बाहर निकाले गए। ग्रामीण एसपी कोमल मीणा ने हादसे में तीन मौतों की पुष्टि की।
5. हाजीपुर में मरीज को बीच रास्ते उतारने का VIDEO वायरल, स्वास्थ्य विभाग पर सवाल
हाजीपुर में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से सदर अस्पताल रेफर किए गए मानसिक रूप से अस्वस्थ मरीज को कथित तौर पर एंबुलेंस से बीच रास्ते उतारने का वीडियो वायरल है। ग्रामीणों के विरोध के बाद मरीज को दोबारा एंबुलेंस में बैठाया गया। प्रशासन ने वीडियो को भ्रामक बताते हुए कहा कि मरीज को शौचालय की जरूरत के कारण उतारा गया था। मामले ने स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।