न्यूज लेमनचूस

Follow Us:

न्यूज लेमनचूस

कर्तव्य में लापरवाही बरतने के आरोप में दो पुलिस अधिकारियों को एसपी ने किया निलंबित

सागर चंद्रा/ किशनगंज

एसपी संतोष कुमार ने कर्तव्य में लापरवाही बरतने के आरोप में दो पुलिस अधिकारियों को निलंबित कर दिया है। बिशनपुर थानाध्यक्ष अंजनी कुमार तिवारी और अभियोजन शाखा में तैनात विनोद कुमार पाण्डेय को अनुशासनहीनता, कर्तव्यहीनता, मनमानेपन एवं वरीय पदाधिकारी के आदेश का उल्लंघन करने के आरोप में निलंबित किया गया है।
बताते चलें कि एसपी संतोष कुमार ने गत 30 जून को बिशनपुर थाना का वार्षिक निरीक्षण किया था। निरीक्षण के दौरान थाना के कई अभिलेखों और कांडों के निष्पादन में काफी त्रुटि पाई गई थी।

एसपी ने मामले को लेकर बिशनपुर थानाध्यक्ष अंजनी कुमार तिवारी से स्पष्टीकरण मांगा था। लेकिन अंजनी कुमार तिवारी के द्वारा समर्पित स्पष्टीकरण को असंतोषजनक पाते हुए एसपी ने उन्हें कर्तव्यहीनता, मनमानेपन एवं वरीय पदाधिकारी के आदेशोल्लंघन, अनुशासनहीनता एवं एक अयोग्य पुलिस पदाधिकारी होने के आरोप में तत्काल प्रभाव से सामान्य जीवन-यापन भत्ता पर निलंबित कर दिया। साथ ही उनसे विभागीय जांच के विरूद्ध स्पष्टीकरण की मांग की गई है।


वहीं एक दूसरे मामले में पुलिस केंद्र में तैनात सिपाही गौतम कुमार ने गत 4 सितंबर को एसपी संतोष कुमार से लिखित शिकायत की थी। गौतम का आरोप था कि सूपर पेट्रोलिंग जोन 4 में ड्यूटी के दौरान अभियोजन शाखा में तैनात पुलिस अवर निरीक्षक विनोद कुमार पाण्डेय के द्वारा उसके साथ गाली-गलौज किया गया है।

एसपी ने घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस उपाधीक्षक (रक्षित) को मामले की जांच का निर्देश दिया। जांच में विनोद कुमार पाण्डेय के विरूद्ध लगाया गया आरोप प्रथम दृष्टया सत्य पाया गया। समर्पित जांच प्रतिवेदन के आधार पर एसपी ने विनोद कुमार पांडेय को कर्तव्यहीनता, मनमानेपन एवं वरीय पदाधिकारी के आदेशोल्लंघन, अनुशासनहीनता एवं एक अयोग्य पुलिस पदाधिकारी होने के आरोप में तत्काल प्रभाव से सामान्य जीवन-यापन भत्ता पर निलंबित कर दिया। साथ ही उनसे विभागीय जांच के विरूद्ध स्पष्टीकरण की मांग की गयी है।


एसपी ने बताया कि कर्तव्य के निर्वहन में किसी भी प्रकार की लापरवाही, अनियमितता अथवा भ्रष्ट आचरण के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई गई है। दोषी पाए जाने वाले पुलिस कर्मियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Share this news

Leave a Comment