डंडखोरा/कटिहार–प्रखंड क्षेत्र के महेशपुर पंचायत अन्तर्गत टिकैली गांव में घास काटने गये एक चौदह वर्षीय बालक की डूब कर मौत हो जाने का मामला प्रकाश में आया है।
मृतक की पहचान महेशपुर पंचायत के वार्ड नंबर 6 निवासी निरंजन साह का पुत्र अंकित कुमार (14) के रूप में हुई है।जानकारी के अनुसार अंकित अपने माता- बाप के साथ घास काटने गया था।
घास लेकर नाव से नदी पार कर रहा था इसी दौरान संतुलन बिगड़ जाने से नाव के साथ तीनों सवार डूब गये।अंकित के माता-पिता तो किसी तरह पानी से बाहर निकल गये। लेकिन अंकित के गहरे पानी में चले जाने उसकी मौत हो गई।घटना से परिजनों सहित गांव में मातमी सन्नाटा छा गया है।
बताया जाता है कि मृतक 10वीं का छात्र था।पढने के साथ घरेलू काम में
मां बाप का हाथ भी बंटाता था।इसी क्रम में में मां-बाप के साथ मवेशियों के लिये चारा काटने गया था कि हादसे में उसकी जान चली गई।घटना की सूचना मिलते हीं डंडखोरा पुलिस घटनास्थल पर पहुंचकर शव को कब्जे में ले लिया।आवश्यक कागजी खानापूर्ति के बाद शव को अन्त्यपरीक्षण के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया है।
अंचल पदाधिकारी ने बताया कि घटना की सूचना मिली है।राजस्व कर्मचारी से प्रतिवेदन की मांग की गई है।जांच प्रतिवेदन मिलने के बाद आपदा विभाग के निर्देशानुसार मुआवजा देने की कारवाई की जाएगी।घटना पर मुखिया नीलम देवी,पूर्व प्रमुख सूरज साह,वार्ड सदस्य शंकर साह,समाजसेवी राजू मिस्त्री सहित अन्य लोगों ने दुख प्रकट करते हुए प्रशासन से पीड़ित परिवार को मुआवजा देने की मांग की है।