संबंधित अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश
कटिहार -नगर निगम कटिहार में प्रत्येक सोमवार की तरह महापौर ऊषा देवी अग्रवाल की अध्यक्षता में जनता दरबार का आयोजन किया गया। इस दौरान महापौर ने नगर निगम स्थित अपने कार्यालय कक्ष में पहुंचे 23 फरियादियों की समस्याओं को गंभीरतापूर्वक सुना तथा उनके समाधान के लिए संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जनता दरबार में प्रधानमंत्री शहरी आवास योजना, सड़क एवं नाला निर्माण, बिजली के पोल एवं स्ट्रीट लाइट, आवागमन के रास्ते, अतिक्रमण से जुड़े विवाद,नालों की साफ-सफाई सहित विभिन्न जनसमस्याओं से संबंधित आवेदन प्राप्त हुए। महापौर ने सभी मामलों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को नियमानुसार त्वरित कार्रवाई कर समस्याओं के निष्पादन का निर्देश दिया।महापौर ने कहा कि जनता की समस्याओं का समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से समाधान नगर निगम की प्राथमिकता है।
जनता दरबार के माध्यम से लोगों को अपनी समस्याएं सीधे नगर निगम प्रशासन के समक्ष रखने का अवसर मिल रहा है। उन्होंने सड़क एवं सार्वजनिक स्थानों पर अतिक्रमण करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने का भी निर्देश दिया।
ताकि आम लोगों के आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी न हो। इस अवसर पर महापौर ने पिछले जनता दरबार में प्राप्त आवेदनों की भी समीक्षा की तथा लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन के लिए संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।