न्यूज लेमनचूस

Follow Us:

न्यूज लेमनचूस

बलरामपुर में संसदीय क्षेत्र विकास समिति की बैठक

अब्दुल कादिर बने विधानसभा संयोजक

बलरामपुर /कटिहार – संसदीय क्षेत्र विकास समिति की महत्वपूर्ण बैठक रविवार को बलरामपुर विधानसभा क्षेत्र में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता कटिहार सांसद प्रतिनिधि सुनील कुमार यादव ने की। बैठक में कांग्रेस पार्टी से जुड़े बड़ी संख्या में नेता एवं कार्यकर्ता तथा क्षेत्र के स्थानीय बुद्धिजीवी शामिल हुए।

बैठक के दौरान क्षेत्र में संचालित विकास योजनाओं की जमीनी स्थिति और आम लोगों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में सर्वसम्मति से अब्दुल कादिर को बलरामपुर विधानसभा का संयोजक मनोनीत किया गया‌। कार्यकर्ताओं एवं समिति के सदस्यों ने उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।

बैठक को संबोधित करते हुए कटिहार सांसद प्रतिनिधि सुनील कुमार यादव ने कहा कि कटिहार सांसद तारिक अनवर द्वारा संसदीय क्षेत्र विकास समिति का गठन किया गया है। समिति का मुख्य उद्देश्य केंद्र एवं राज्य सरकार की ओर से संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जमीनी स्तर पर निगरानी करना और यह सुनिश्चित करना है कि योजनाओं का वास्तविक लाभ जरूरतमंद लोगों तक पहुंचे।

उन्होंने कहा कि सिर्फ योजनाएं बनना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनका सही तरीके से क्रियान्वयन और आम लोगों तक लाभ पहुंचना भी जरूरी है। समिति के माध्यम से क्षेत्र की समस्याओं को चिह्नित कर संबंधित विभागों एवं अधिकारियों के समक्ष उठाया जाएगा, ताकि विकास कार्यों में तेजी लाई जा सके। सांसद प्रतिनिधि ने कहा कि समिति के सदस्य लगातार क्षेत्र का भ्रमण कर विकास योजनाओं की स्थिति की जानकारी लेंगे और जहां भी किसी प्रकार की समस्या या अनियमितता सामने आएगी, उसे सांसद तारिक अनवर के संज्ञान में लाकर समाधान का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि संसदीय क्षेत्र के विकास और आम जनता की समस्याओं के समाधान को प्राथमिकता दी जाएगी।

समिति का उद्देश्य राजनीतिक गतिविधियों से आगे बढ़कर जनहित से जुड़े मुद्दों पर प्रभावी ढंग से काम करना है। बैठक में मौजूद कांग्रेस नेताओं, कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय बुद्धिजीवियों ने भी क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं और विकास से जुड़े मुद्दों को उठाया तथा समिति के माध्यम से उन्हें संबंधित स्तर तक पहुंचाने पर जोर दिया। मौके पर नगीना प्रसाद यादव,शाहनवाज, हसनैन, मोहम्मद शकलेन,मोहम्मद असगर,हबीबुर रहमान,कैशरे हिन्द, मोहम्मद यासुब, आफताब ताज, फैजान अहमद,राजकुमार दास, नैयर आलम,मोहम्मद जावेद नज्जू, मोहम्मद हसनैन करणपुर पंचायत, नसीउल हक, मोहम्मद कासीम, आसीफ इकबाल,उनवर नदवी, मोहम्मद नसरुल सहित कई कांग्रेस नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Share this news

Leave a Comment