न्यूज लेमनचूस

Follow Us:

न्यूज लेमनचूस

बाढ़ राहत को लेकर विधायक ने प्रशासन से की तत्काल व्यवस्था की मांग

मनिहारी /कटिहार -गंगा एवं कोसी नदी के जलस्तर में लगातार वृद्धि के कारण मनिहारी एवं अमदाबाद प्रखंड के कई पंचायतों और गांवों में बाढ़ का खतरा गंभीर होता जा रहा है। मनिहारी विधायक मनोहर प्रसाद सिंह ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा करने के बाद प्रशासन को पत्र भेजकर राहत, बचाव और आवश्यक सुविधाओं की तत्काल व्यवस्था करने की मांग की है।

विधायक ने अपने पत्र में बताया कि मनिहारी प्रखंड अंतर्गत साहेबनगर एवं चितौरिया पंचायत के कई इलाके बाढ़ से प्रभावित हो रहे हैं। साहेबनगर पंचायत के वार्ड संख्या 04 एवं 05 के अंतर्गत साहेबनगर गांव सहित आसपास के पोसिया एवं अन्य प्रभावित टोले में पानी तेजी से फैल रहा है। यहां करीब दो हजार की आबादी और लगभग 1600 परिवारों के प्रभावित होने की आशंका जताई गई है।

विधायक ने बताया कि कई स्थानों पर पानी प्रवेश कर चुका है और स्थिति बिगड़ने पर लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाना पड़ सकता है।उन्होंने पोसिया ढाला, वार्ड सदस्य के दरवाजे तथा साहेबनगर क्षेत्र में सामुदायिक भोजनालय की व्यवस्था करने, दो नाव उपलब्ध कराने तथा बिजली आपूर्ति बाधित नहीं होने देने की मांग की है।


वहीं चितौरिया पंचायत में कोसी बांध के पूरब और पश्चिम दोनों ओर स्थित गांव एवं टोले प्रभावित हो रहे हैं। यहां वार्ड संख्या 01, 03, 04 और 05 के क्षेत्रों में पानी तेजी से प्रवेश कर रहा है तथा करीब 3500 परिवारों के प्रभावित होने की आशंका व्यक्त की गई है। विधायक ने बांध पर विभिन्न स्थानों, बीच चितौरिया प्राथमिक विद्यालय, वार्ड 04 तथा वार्ड 01 के संबंधित टोले में सामुदायिक भोजनालय संचालित करने की मांग की है।

पत्र में धुरियाही पंचायत के सभी छह वार्डों के प्रभावित होने का भी उल्लेख किया गया है। राहत व्यवस्था के लिए वार्ड 01 के काली पूर्व टोला, पश्चिम टोला और शेरशाहवादी टोला, वार्ड 02 में महियारपुर स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय एवं तेरासी टोला, वार्ड 03 में बाबुरबन्नी प्राथमिक विद्यालय, वार्ड 04 के हवा महल क्षेत्र, वार्ड 05 के प्राथमिक विद्यालय क्षेत्र तथा वार्ड 06 में राहत एवं सामुदायिक भोजनालय की व्यवस्था की मांग की गई है।

विधायक ने कहा कि अमदाबाद प्रखंड के भवानीपुर, चौकिया एवं पार दियारा पंचायत पूरी तरह प्रभावित हो चुके हैं, जबकि उत्तरी करिमुल्लापुर, दक्षिणी करिमुल्लापुर, किशनपुर और जंगला ताल पंचायतों में भी पानी तेजी से फैल रहा है। उन्होंने पॉलीथिन, शुद्ध पेयजल, पर्याप्त नाव, रोशनी, महिलाओं के लिए आवश्यक सुविधाएं तथा निष्पक्ष ढंग से राहत सामग्री वितरण सुनिश्चित कराने की मांग की है। विधायक ने प्रशासन से बाढ़ प्रभावित लोगों की सुरक्षा और राहत के लिए तत्काल प्रभावी कदम उठाने का आग्रह किया है।

Share this news

Leave a Comment