पटना:जेडीयू विधायक अनंत सिंह और विधान पार्षद नीरज कुमार के बीच चल रहे विवाद के बीच पार्टी ने सोमवार को पटना के नेताओं की अहम बैठक बुलाई। बैठक में पटना शहर और ग्रामीण क्षेत्र से जुड़े सभी विधायकों एवं विधान पार्षदों के अलावा पार्टी के प्रमुख नेताओं को भी शामिल किया गया। इसे पार्टी के भीतर समन्वय कायम करने और विवाद को शांत करने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है।
बैठक में मंत्री श्रवण कुमार और स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। बैठक के दौरान मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों और नेताओं के बीच बने मतभेद को लेकर चर्चा हुई। पार्टी नेतृत्व ने आपसी समन्वय और संगठनात्मक एकजुटता बनाए रखने पर जोर दिया।
बैठक के बाद जेडीयू नेताओं ने पार्टी में किसी तरह के संकट से इनकार किया। नीरज कुमार और श्रवण कुमार ने कहा कि पार्टी में सबकुछ सामान्य है और कोई समस्या नहीं है। नेताओं ने विवाद को लेकर स्थिति स्पष्ट करते हुए इसे पार्टी के कामकाज पर असर डालने वाला मुद्दा नहीं बताया।
हालांकि, अनंत सिंह और नीरज कुमार के बीच विवाद के बाद अचानक पटना के विधायकों और विधान पार्षदों की बैठक बुलाए जाने को राजनीतिक हलकों में अहम माना जा रहा है। बैठक को विवाद पर पर्दा डालने और पार्टी के भीतर डैमेज कंट्रोल की कवायद के रूप में देखा जा रहा है।