संवाददाता/ किशनगंज
किशनगंज जिले के सुखानी थाना पुलिस ने सोमवार को एनएच-327ई पर तातपौआ मोड़ के पास एक कंटेनर से 60 मवेशी बरामद किए हैं। इन मवेशियों को क्रूरता से भरकर ले जाया जा रहा था, जिनमें से दो मवेशी मरे हुए मिले। पुलिस ने कंटेनर में सवार तीन लोगों को गिरफ्तार किया है।
थानाध्यक्ष मन्नू कुमारी ने बताया कि पुलिस टीम ने तातपौआ मोड़ के पास संदिग्ध कंटेनर को रोका और उसकी तलाशी ली। तलाशी के दौरान कंटेनर के अंदर बड़ी संख्या में मवेशी मिले। पुलिस के मुताबिक, मवेशियों को बहुत खराब हालत में एक-दूसरे के ऊपर ठूंसकर रखा गया था।
कंटेनर से कुल 60 मवेशी बरामद हुए, जिनमें दो मृत थे। बरामद मवेशियों को सुरक्षित जगह पर रखने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पुलिस मामले में पशुओं की हालत और उन्हें ले जाने के तरीके समेत अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।
थानाध्यक्ष मन्नू कुमारी ने यह भी बताया कि कंटेनर अररिया की तरफ से बंगाल जा रहा था। गुप्त सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने निगरानी शुरू की और तातपौआ मोड़ के पास वाहन को रोककर यह कार्रवाई की।
पुलिस ने कंटेनर में सवार तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। इनकी पहचान अजीत कुमार मंडल (52 वर्ष), मो. फिरोज (35 वर्ष) और मो. इंतजार (20 वर्ष) के रूप में हुई है। ये तीनों भागलपुर जिले के रहने वाले हैं। तीनों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है। जरूरी कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपियों को कोर्ट में पेश किया जाएगा।
पुलिस अब कंटेनर के मालिक के बारे में जानकारी जुटा रही है। पुलिस की पूछताछ में तस्करों ने बताया कि वे पहले भी बिना कागजात के मवेशियों को भागलपुर के नवगछिया से पश्चिम बंगाल पहुंचा चुके हैं।